धौलपुर के निहालगंज थाना क्षेत्र में बुधवार रात असामाजिक तत्वों द्वारा अंबेडकर प्रतिमा से छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। जिरौली फाटक के पास हुई इस घटना के बाद क्षेत्र में तनाव फैल गया। घटना की जानकारी मिलते ही जाटव समाज के बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए। उन्होंने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए प्रशासन को बुलाने पर जोर दिया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए भारी पुलिस बल मौके पर तैनात किया गया। बाद में उपखंड अधिकारी (एसडीएम) कर्मवीर सिंह और पुलिस अधिकारी सीटीसी कृष्णराज जांगिड़ घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने समाज के लोगों से बातचीत की, जिसके बाद जाटव समाज के प्रतिनिधियों ने प्रशासन को एक लिखित ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में चार प्रमुख मांगें रखी गईं। इनमें क्षतिग्रस्त प्रतिमा के स्थान पर नई प्रतिमा स्थापित करना, स्थल पर सीसीटीवी कैमरे लगाना, प्रतिमा स्थल के चारों ओर बाउंड्री वॉल का निर्माण कराना और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करना शामिल है। समाज के लोगों ने प्रशासन को 20 अप्रैल से पहले नई प्रतिमा स्थापित करने का अल्टीमेटम दिया है। साथ ही, असामाजिक तत्वों की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की भी मांग की गई है। प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि मामले की गंभीरता से जांच की जाएगी और जल्द ही उचित कदम उठाए जाएंगे।