एकादशी के पावन पर्व पर धौलपुर शहर में बाबा श्याम की भक्ति और आस्था का अनूठा संगम देखने को मिला। इस अवसर पर महात्मा नंद की बगीची से बाबा श्याम की भव्य निशान यात्रा निकाली गई। यात्रा में शामिल श्रद्धालु बाबा श्याम के जयकारे लगाते हुए और भजनों की धुन पर झूमते हुए आगे बढ़े। पूरे मार्ग में भक्तिमय माहौल बना रहा और बाबा श्याम के जयकारों से शहर गूंज उठा। निशान यात्रा की शुरुआत पुराने शहर स्थित महात्मा नंद की बगीची से हुई। इसके बाद यात्रा अस्पताल, हरदेव नगर, जगन तिराहा, लाल बाजार, श्याम मंदिर और गुलाब बाग सहित शहर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी। जगह-जगह श्रद्धा और उत्साह का माहौल नजर आया। यात्रा में शामिल भक्त बाबा श्याम के भजनों पर नाचते-गाते और हाथों में निशान लेकर अपनी आस्था प्रकट करते दिखाई दिए। एकादशी के अवसर पर निकली इस निशान यात्रा में श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बना। बाबा श्याम के प्रति भक्ति और विश्वास के रंग में रंगे भक्तों ने पूरे रास्ते जयकारे लगाकर वातावरण को धर्ममय बना दिया। यात्रा के वाटर वर्क्स चौराहे पर पहुंचने के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस बल रहा तैनात निशान यात्रा के दौरान कानून-व्यवस्था और सुरक्षा बनाए रखने के लिए कोतवाली थाना प्रभारी रामकिशन यादव के निर्देशन में पुलिस बल तैनात किया गया। पुलिस ने यात्रा के मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था संभाली, जिससे यात्रा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके। एकादशी के पावन पर्व पर निकली बाबा श्याम की निशान यात्रा ने शहर में धार्मिक उत्साह और श्रद्धा का माहौल बना दिया। श्रद्धालुओं ने बाबा श्याम के प्रति अपनी आस्था प्रकट करते हुए सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।