धौलपुर में बिजली विभाग ने सिंधावली खुर्द स्थित 33/11 केवी जीएसएस पर 3.15 एमवीए का नया पावर ट्रांसफॉर्मर लगाया है। इसे करीब 30 लाख रुपए की लागत से स्थापित किया गया है। इससे क्षेत्र की बिजली सप्लाई क्षमता बढ़ेगी और उपभोक्ताओं को बेहतर व भरोसेमंद बिजली मिलेगी। नए ट्रांसफॉर्मर से जीएसएस पर बढ़ते बिजली भार को संभालना आसान होगा। इससे कृषि उपभोक्ताओं को तय ब्लॉक अवधि के अनुसार बिजली मिल पाएगी। साथ ही, घरेलू और व्यावसायिक उपभोक्ताओं की बढ़ती बिजली जरूरतों को पूरा करने में भी मदद मिलेगी। डिस्कॉम के अधीक्षण अभियंता विवेक शर्मा ने बताया कि उपभोक्ताओं को अच्छी और बिना रुकावट बिजली देना विभाग की प्राथमिकता है। इसी मकसद से बिजलीघरों पर अतिरिक्त क्षमता वाले ट्रांसफॉर्मर लगाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि इससे बिजली तंत्र मजबूत होगा और राजाखेड़ा उपखंड क्षेत्र में सप्लाई व्यवस्था में सुधार आएगा।