धौलपुर के टीबी अस्पताल में एक्स-रे मशीन सहित करीब 10 लाख रुपए का सामान चोरी होने का कोतवाली थाना पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने 150 से ज्यादा सीसीटीवी की फुटेज खंगालते हुए 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि वारदात में शामिल तीसरा आरोपी अभी फरार है। पुलिस चोरी हुए सामान की बरामदगी के प्रयास में जुटी हुई है। जानकारी के अनुसार 6 अक्टूबर की रात चोरों ने टीवी अस्पताल के एक कमरे का ताला तोड़कर एक्स-रे मशीन सहित करीब 10 लाख रुपए का सामान पार कर लिया था। मामले में जिला क्षय अधिकारी गोविंद सिंह ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसके बाद कोतवाली थाना प्रभारी रामकिशन यादव ने जांच टाउन चौकी प्रभारी लोकेंद्र सिंह को सौंपी। 150 से अधिक CCTV फुटेज खंगाले मामले की गंभीरता को देखते हुए चौकी प्रभारी लोकेंद्र सिंह ने घटनास्थल और आसपास के इलाकों में लगे 150 से अधिक CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच के दौरान एक फुटेज में 3 चोर तीन पहिया साइकिल रिक्शा पर चोरी का सामान तिरपाल से ढककर ले जाते हुए दिखाई दिए। फुटेज के आधार पर पुलिस ने आरोपियों की पहचान और तलाश शुरू की। दो दिन की मेहनत के बाद सैंपऊ में दबोचा पुलिस टीम ने लगातार 2 दिन तक प्रयास कर सैंपऊ में 2 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में रामू निषाद (23) पुत्र नथी निवासी राजघाट और महेश उर्फ सूखा (19) शामिल है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल किया गया तीन पहिया साइकिल रिक्शा भी बरामद किया है। फिलहाल पुलिस फरार तीसरे आरोपी की तलाश कर रही है। साथ ही चोरी की गई एक्स-रे मशीन और अन्य सामान की बरामदगी के लिए जांच जारी है।