धौलपुर जिले के सैपऊ थाना क्षेत्र के भूरा पुरा गांव में एक विवाहिता की उसके पति ने पीट-पीटकर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस आज सुबह घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने मौके का मुआयना कर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मायके पक्ष की शिकायत पर आरोपी पति के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। चरित्र पर शक को लेकर पति-पत्नी में विवाद मृतका की पहचान मथुरा पत्नी दिनेश कुशवाह के रूप में हुई है। मृतका की छोटी बहन गुड़िया ने बताया कि मथुरा की शादी वर्ष 2011 में भूरा पुरा निवासी दिनेश के साथ हुई थी। शादी के कुछ समय बाद से ही पति-पत्नी के बीच चरित्र को लेकर विवाद शुरू हो गया था। नशे में धुत पति ने लाठी-डंडों से की हत्या, बेटे से भी मारपीट परिजनों का आरोप है कि आरोपी दिनेश अपनी पत्नी पर लगातार शक करता था और पिछले तीन साल से उसे मानसिक व शारीरिक रूप से प्रताड़ित कर रहा था। गुड़िया के अनुसार, 15 अप्रैल की रात आरोपी शराब के नशे में घर पहुंचा। दोनों के बीच फिर विवाद हुआ, जिसके बाद उसने लाठी-डंडों और सरिए से पीट-पीटकर मथुरा की हत्या कर दी। बीच-बचाव करने आए छोटे बेटे के साथ भी आरोपी ने मारपीट की। रात में ही मायके पक्ष को मिली जानकारी, आरोपी मौके से फरार बताया जा रहा है कि घटना की जानकारी रात में ही मृतका के मायके पक्ष को मिल गई थी। हालांकि, परिजनों और पुलिस के पहुंचने से पहले ही आरोपी मौके से फरार हो गया था। पुलिस ने झोपड़ीनुमा मकान से आवश्यक साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू कर दी है और मामले की जांच जारी है।