धौलपुर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव रेखा यादव ने गुरुवार को जिला कारागृह और नारायण हॉस्पिटल के पास स्थित वृद्धाश्रम का निरीक्षण किया। उन्होंने बंदियों और बुजुर्गों से बातचीत कर उनकी समस्याएं और सुविधाओं की जानकारी ली। दोनों जगहों का निरीक्षण राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जयपुर और जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष संजीव मागो के निर्देशन में किया गया। जिला कारागृह में रेखा यादव ने बंदियों से उनके मामलों की स्थिति पूछी। उन्होंने यह भी जाना कि उनके लिए वकील नियुक्त हैं या नहीं और निजी वकील उनसे नियमित संपर्क कर मामलों में पैरवी कर रहे हैं या नहीं। जिन बंदियों को वकील से उचित मदद नहीं मिल रही है या आर्थिक परेशानी के कारण पैरवी में दिक्कत है, उन्हें जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के जरिए मुफ्त कानूनी मदद देने की जानकारी दी गई। निरीक्षण के दौरान बंदियों को कानूनी मदद, स्वास्थ्य सुविधाएं और भोजन की गुणवत्ता देने पर जोर दिया गया। वृद्धाश्रम में 8 पुरुष और 2 महिलाएं मिलीं। रेखा यादव ने उनसे बातचीत कर वहां मिल रही सुविधाओं और व्यवस्थाओं की जानकारी ली।