धौलपुर के कौलारी थाना क्षेत्र के पिपहेरा गांव में एक ठेके पर काम करने वाले लाइनमैन रवि कुमार (27) की करंट लगने से मौत हो गई। वह बिजली के पोल पर मेंटेनेंस का काम कर रहा था, तभी बसई नवाब सब स्टेशन से बिजली सप्लाई चालू हो गई। करंट की चपेट में आने से रवि बुरी तरह झुलस गया। ग्रामीण उसे बसई नवाब अस्पताल ले गए, जहां से उसे धौलपुर जिला अस्पताल रेफर किया गया। डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिजन और ग्रामीण नाराज हो गए। 25 लाख मुआवजे और नौकरी की मांग नाराज लोग बसई नवाब सब स्टेशन पर धरने पर बैठ गए। उन्होंने मृतक के परिवार के लिए सरकारी नौकरी और 25 लाख रुपए मुआवजे की मांग की। सूचना पर सीओ मनोहर सिंह और कौलारी थाना प्रभारी हरिनारायण मीणा मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाया। जाटव महासभा के अध्यक्ष भीमसेन ने इसे हादसा मानने के बजाय साजिश की आशंका जताई। उन्होंने जिम्मेदार कर्मचारियों को सस्पेंड करने और उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की।