धौलपुर नगर परिषद ने शहरी विकास (यूडी) टैक्स की वसूली के लिए सख्ती दिखाई है। गुरुवार को स्टेशन रोड स्थित कमल होटल और मैरिज होम को सीज कर दिया गया। सभापति गिरीश गर्ग और आयुक्त विष्णु परमार के निर्देश पर हुई इस कार्रवाई से होटल संचालकों में हलचल है। परिषद के मुताबिक कमल होटल के संचालक पर यूडी टैक्स के करीब 14 लाख 77 हजार रुपए बकाया हैं। टैक्स वसूली के लिए परिषद की टीम ने मौके पर पहुंचकर होटल को सीज कर नोटिस भी लगाए। कार्रवाई के दौरान निहालगंज थाना प्रभारी देवेंद्र शर्मा के नेतृत्व में पुलिस बल तैनात था। आरआई रजत जैन के साथ नगर परिषद की टीम ने यह कार्रवाई की। होटल संचालक ने परिषद की कार्रवाई पर सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि यूडी टैक्स की गणना गलत है। संचालक ने इसे गलत बताकर कोर्ट जाने की बात कही है। इस मामले में अब विवाद खड़ा हो गया है।