धौलपुर में शारदीय नवरात्र की नवमी पर सोमवार को मां दुर्गा के नौवें स्वरूप मां सिद्धिदात्री की पूजा की गई। सुबह से ही मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। मां के जयकारों से मंदिर परिसर गूंज उठे। श्रद्धालुओं ने माता रानी के दर्शन कर परिवार की सुख-समृद्धि और निरोगी जीवन की कामना की। मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना और धार्मिक अनुष्ठान हुए। भक्तों ने मां सिद्धिदात्री को पुष्प, चुनरी, नारियल और प्रसाद चढ़ाया। नवमी पर घर-घर में कन्या पूजन भी श्रद्धा के साथ किया गया। लोगों ने छोटी कन्याओं को देवी स्वरूप मानकर उनके पैर धोए, तिलक लगाया और भोजन कराया। कन्याओं को हलवा, पूरी और चने का प्रसाद परोसने के साथ दक्षिणा और उपहार भी दिए गए। नवरात्र के 9 दिनों तक माता की आराधना करने वाले श्रद्धालुओं ने नवमी पर पूजा के साथ अनुष्ठानों की पूर्णाहुति की। जिलेभर में भक्ति और आस्था का माहौल बना रहा।