धौलपुर में 9 और 11 सितंबर को होने वाले नगर निकाय चुनाव को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और भयमुक्त माहौल में कराने के लिए पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। धौलपुर नगर परिषद सहित बाड़ी, बसेड़ी, राजाखेड़ा, सैंपऊ, मनियां और सरमथुरा नगरपालिका क्षेत्रों में पुलिस टीमों ने फ्लैग मार्च कर आम लोगों को बिना किसी डर के मतदान करने का संदेश दिया। पुलिस की इस कार्रवाई के जरिए असामाजिक तत्वों को भी साफ संकेत दिया गया कि चुनाव प्रक्रिया में किसी तरह की बाधा बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बाजारों से गलियों तक पुलिस की गश्त पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक वैभव शर्मा और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एडीएफ बाड़ी श्रवण कुमार झोरड़ की देखरेख में फ्लैग मार्च निकाला गया। पुलिस टीमों ने चुनावी क्षेत्रों के मुख्य बाजारों, संवेदनशील स्थानों, गली-मोहल्लों और प्रमुख रास्तों पर पैदल और वाहनों से मार्च किया। पुलिस की मौजूदगी से आम लोगों में सुरक्षा का भरोसा बढ़ा, जबकि कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वालों को कड़ा संदेश मिला। मतदाताओं को डराया तो होगी कार्रवाई पुलिस ने स्पष्ट किया कि मतदाताओं को डराने-धमकाने, दबाव बनाने, चुनाव प्रक्रिया को प्रभावित करने या किसी भी तरह की गड़बड़ी करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। चुनावी माहौल खराब करने की आशंका वाले लोगों पर पुलिस ने विशेष निगरानी बढ़ा दी है। मतदान केंद्रों की सुरक्षा व्यवस्था परखी फ्लैग मार्च के साथ पुलिस टीमों ने अलग-अलग मतदान केंद्रों का निरीक्षण भी किया। इस दौरान पोलिंग बूथों के आसपास के क्षेत्र, आने-जाने के रास्ते, भीड़ नियंत्रण, पार्किंग व्यवस्था और संवेदनशील स्थानों की स्थिति देखी गई। संवेदनशील और अतिसंवेदनशील क्षेत्रों को चिह्नित कर वहां अतिरिक्त निगरानी, लगातार गश्त और रूट डॉमिनेशन बढ़ाया गया है। रिस्पॉन्स सिस्टम और इंटेलिजेंस नेटवर्क एक्टिव चुनाव के दौरान किसी भी अप्रिय स्थिति से तत्काल निपटने के लिए पुलिस रिस्पॉन्स सिस्टम को एक्टिव रखा गया है। वहीं पुलिस का फील्ड इंटेलिजेंस नेटवर्क भी लगातार सूचनाएं जुटा रहा है, ताकि किसी संभावित विवाद या कानून-व्यवस्था से जुड़ी स्थिति का समय रहते पता लगाया जा सके। पुलिस की मतदाताओं से अपील पुलिस ने मतदाताओं से अपील की है कि वे किसी डर, दबाव या लालच में आए बिना स्वतंत्र रूप से अपने मताधिकार का इस्तेमाल करें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि या कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वाली जानकारी तत्काल पुलिस को देने को कहा गया है। पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान ने कहा कि निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और भयमुक्त चुनाव कराना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। चुनाव में बाधा डालने वालों के खिलाफ तत्काल कानूनी कार्रवाई की जाएगी।