धौलपुर में पंचायत राज चुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया चल रही है। गुरुवार को जिला कलेक्ट्रेट और उपखंड कार्यालयों में उम्मीदवारों ने अपने आवेदन जमा किए। नामांकन के तीसरे दिन जिला परिषद सदस्यों के लिए 54 उम्मीदवारों ने पर्चे भरे। पिछले तीन दिनों में कुल 80 उम्मीदवारों ने 94 नामांकन पत्र जमा किए हैं। शुक्रवार को नामांकन दाखिल करने का आखिरी दिन है। इसे देखते हुए नामांकन केंद्रों पर भीड़ बढ़ने की उम्मीद है। धौलपुर पंचायत समिति के लिए गुरुवार को 39 नामांकन दाखिल हुए, जिससे कुल संख्या 43 हो गई है। सैंपऊ पंचायत समिति में गुरुवार को 65 उम्मीदवारों ने पर्चे भरे, जिससे तीन दिन में कुल 96 नामांकन हो गए हैं। जिला कलेक्टर श्रीनिधि बीटी और अतिरिक्त जिला कलेक्टर हरिराम मीणा ने जिला परिषद के नामांकन लिए। धौलपुर में एसडीएम सुरेश चंद्र राव और सैंपऊ में एसडीएम अनिल गोयल ने आवेदन प्राप्त किए।