धौलपुर जिले में तीन दिन से लगातार हो रही बारिश फिलहाल थम गई है, लेकिन पार्वती और चंबल नदियों में उफान बरकरार है। चंबल का जलस्तर करीब 128 मीटर पहुंच गया है, जबकि पार्वती बांध में पानी बढ़ने के बाद चार गेट खोलकर नदी में पानी छोड़ा गया है। इससे सैंपऊ, कौलारी, मनियां और राजाखेड़ा क्षेत्र में पार्वती नदी का जलस्तर बढ़ गया है। जिले में अब तक 617.4 एमएम बारिश दर्ज की जा चुकी है। पार्वती बांध से छोड़ा पानी, कई इलाकों में बढ़ा जलस्तर पार्वती बांध के कैचमेंट एरिया से लगातार पानी की आवक बनी हुई है। इसके चलते नदी-नालों और जलाशयों में पानी बढ़ गया है। बांध का जलस्तर बढ़ने पर चार गेट खोलकर पार्वती नदी में पानी छोड़ा गया। इसका असर नदी के आसपास के क्षेत्रों में दिखाई दे रहा है। चहलपुरा में घुसा पानी, कॉलोनियों में भी जलभराव पार्वती नदी का जलस्तर बढ़ने से ग्रामीण इलाकों में कई जगह पानी भर गया है। चहलपुरा गांव में भी पानी घुस गया। इसके अलावा निचले इलाकों और कई कॉलोनियों में बारिश रुकने के बाद भी पानी जमा है। हालांकि, जलभराव वाले इलाकों में अब धीरे-धीरे पानी निकलना शुरू हो गया है। बाढ़ के हालात को देखते हुए पुलिस अलर्ट बाढ़ और जलभराव की आशंका को देखते हुए धौलपुर पुलिस ने निगरानी बढ़ा दी है। पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक वैभव शर्मा और एडीएफ बाड़ी एएसपी श्रवण कुमार झोरड़ की देखरेख में पूरे जिले में विशेष निगरानी रखी जा रही है। नदी, रपट, पुलिया, बांध, जलाशय और पानी भरे जोखिम वाले स्थानों पर पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। तेज बहाव वाले स्थानों पर पुलिस की नजर पुलिस टीमें पानी के तेज बहाव वाले स्थानों पर लगातार नजर रख रही हैं। लोगों को समझाया जा रहा है कि वे जोखिम लेकर नदी, रपट या पुलिया पार न करें। प्रशासन और संबंधित विभागों के साथ समन्वय कर यातायात और सुरक्षा व्यवस्था भी सुनिश्चित की जा रही है। पुलिस की अपील—पानी के बहाव में जाने का जोखिम न लें पुलिस ने लोगों से अपील की है कि तेज बहाव वाले पानी में पैदल, बाइक या वाहन लेकर जाने का जोखिम न उठाएं। बच्चों और बुजुर्गों को नदी, बांध और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रखने की सलाह दी गई है। पानी भरे स्थानों पर बिजली के खंभों, तारों और अन्य विद्युत उपकरणों से दूरी बनाए रखने को कहा गया है। पुलिस सोशल मीडिया के जरिए भी लगातार सुरक्षा सलाह जारी कर लोगों को जागरूक कर रही है।