धौलपुर शहर की बजरंग कॉलोनी में एक मकान से लाखों रुपए के जेवरात और नकदी चोरी हो गई। घटना के समय परिवार नीचे के कमरों में सो रहा था, जबकि चोरों ने ऊपरी मंजिल को निशाना बनाया। जानकारी के अनुसार, बजरंग कॉलोनी निवासी भोला गोयल के मकान की ऊपरी मंजिल पर पिछले कुछ दिनों से साफ-सफाई का काम चल रहा था। 14 अप्रैल को काम खत्म होने के बाद मजदूर गेट खुला छोड़कर चले गए थे। इसी का फायदा उठाकर अज्ञात चोर रात में मकान में घुस गए। सुबह परिवार की सदस्य शिल्पी गोयल जब ऊपर के कमरे में पहुंचीं, तो उन्होंने दरवाजे की कुंडी खुली और सामान बिखरा हुआ पाया। चोर अलमारी का ताला तोड़कर सोने-चांदी के जेवरात और नकदी ले गए थे। पीड़ित परिवार के अनुसार, चोरी हुए सामान की कीमत लगभग 6 लाख रुपए है, जिसमें सोने की चेन, टॉप्स, अंगूठी सहित करीब 250 ग्राम चांदी के जेवर शामिल हैं। परिवार ने आशंका जताई है कि चोर खुले गेट से अंदर घुसे और सीधे ऊपरी मंजिल के कमरे को निशाना बनाकर वारदात को अंजाम दिया। घटना की सूचना मिलने पर कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आसपास के क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि चोरों का पता लगाया जा सके।