धौलपुर के टीबी अस्पताल में हुई चोरी के मामले में कोतवाली थाना पुलिस ने चोरी का सामान खरीदने वाले कबाड़ी सलीम (60) को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके पास से चोरी का माल और वारदात में इस्तेमाल रिक्शा भी बरामद किया। 6 अक्टूबर की रात चोर अस्पताल से एक्स-रे मशीन, एसी, स्टेबलाइजर, यूपीएस की 8 बैटरियां और केबल सहित कई सामान ले गए थे। 7 अक्टूबर को डॉ. गोविंद सिंह मीणा की रिपोर्ट पर मामला दर्ज हुआ। जांच के लिए 150 से ज्यादा सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए। फुटेज के आधार पर 2 आरोपियों रामू और महेश उर्फ सूखा निषाद को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। उन्होंने चोरी कबूल की थी। कबाड़ी की दुकान से यूपीएस, एक्स-रे मशीन के उपकरण, पावर केबल और एसी की इनडोर यूनिट सहित चोरी का सामान जब्त हुआ। एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है।