डीडवाना में केंद्र सरकार द्वारा प्रस्तावित जनगणना-2027 की तैयारियां शुरू हो गई हैं। इसी क्रम में शुक्रवार से स्थानीय स्वामी विवेकानंद मॉडल स्कूल में फील्ड ट्रेनर्स का प्रशिक्षण कार्यक्रम प्रारंभ हुआ। जिला कलेक्टर एवं जिला जनगणना अधिकारी अवधेश मीणा ने प्रशिक्षण के प्रथम बैच को संबोधित करते हुए इसे देश के समग्र विकास और भविष्य की योजनाओं का मजबूत आधार बताया। उन्होंने सभी अधिकारियों और कार्मिकों को इस कार्य को पूर्ण गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ संपादित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर मीणा ने बताया कि इस बार जनगणना को अधिक आधुनिक और डिजिटल स्वरूप दिया गया है। इसके तहत स्व-गणना पोर्टल 1 मई से 15 मई तक संचालित होगा, जहां आमजन स्वयं अपनी जानकारी दर्ज कर सकेंगे। उन्होंने संबंधित कार्मिकों को इस पोर्टल का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए। उन्होंने जानकारी दी कि जनगणना के प्रथम चरण में मकान सूचीकरण एवं गणना का कार्य 16 मई से 14 जून 2026 तक किया जाएगा। इस प्रक्रिया में डिजिटल पोर्टल और मोबाइल ऐप के माध्यम से डेटा का त्वरित विश्लेषण संभव होगा, जिससे कार्य अधिक पारदर्शी, सटीक और समयबद्ध तरीके से पूरा किया जा सकेगा। कलेक्टर ने कहा कि जनगणना की गुणवत्ता सीधे आमजन के जीवन स्तर से जुड़ी होती है, इसलिए प्रत्येक मकान, परिवार और प्रविष्टि की सटीकता अत्यंत आवश्यक है। इस अवसर पर अतिरिक्त जिला कलेक्टर (विकास) मोहन भाटी ने भी फील्ड ट्रेनर्स को प्रशिक्षण को गंभीरता से लेने और जनगणना कार्य को जिम्मेदारीपूर्वक पूरा करने के निर्देश दिए। आर्थिक एवं सांख्यिकी विभाग के उप निदेशक एवं उप जिला जनगणना अधिकारी बाबूलाल ने बताया कि प्रशिक्षण दो चरणों में आयोजित किया जा रहा है। पहला बैच 17 से 20 अप्रैल तक और दूसरा बैच 21 से 23 अप्रैल 2026 तक चलेगा। प्रथम बैच में 32 फील्ड ट्रेनर्स भाग ले रहे हैं, जिन्हें मास्टर ट्रेनर अशोक कुमार सेवदा और मनोज कुमार गुर्जर द्वारा व्यवहारिक एवं तकनीकी प्रशिक्षण दिया जा रहा है। प्रशिक्षण के दौरान जनगणना से जुड़ी सभी प्रक्रियाओं, डिजिटल टूल्स और फील्ड कार्यों की विस्तृत जानकारी दी जा रही है, ताकि कार्य को प्रभावी ढंग से संपादित किया जा सके।