डीडवाना में जिला कलेक्टर अवधेश मीणा की अध्यक्षता में शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में कृषि एवं उद्यान विभाग की समीक्षा बैठक हुई। इस बैठक में किसानों को सरकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ दिलाने के निर्देश दिए गए। बैठक में वर्ष 2025-26 की प्रगति सहित विभिन्न योजनाओं और विभागीय कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई। कलेक्टर ने 'धरती माता बचाओ अभियान', आत्मा पुरस्कार हेतु चयनित कृषकों का अनुमोदन, उर्वरक मॉनिटरिंग टास्क फोर्स की गतिविधियों और 'ग्राम 2026' के लिए किसानों के चयन पर चर्चा की। उन्होंने अधिकारियों को योजनाओं के प्रति किसानों में जागरूकता बढ़ाने के निर्देश दिए। मीणा ने जिले में यूरिया के डायवर्जन और अनावश्यक भंडारण पर रोक लगाने के लिए नियमित निगरानी के आदेश दिए। इसके साथ ही 'ग्राम 2026' योजना के तहत पात्र किसानों के चयन और उसके प्रचार-प्रसार पर भी जोर दिया गया। उन्होंने अधिकारियों को 'धरती माता बचाओ अभियान' और राष्ट्रीय प्राकृतिक खेती मिशन के अंतर्गत किसानों को प्रेरित करने को कहा। साथ ही, खेत तलाई योजना के लिए अधिक लक्ष्य प्रस्तावित करने और लंबित मामलों के शीघ्र भुगतान के लिए बजट की मांग करने के निर्देश भी दिए। जिला कलेक्टर ने जिले में प्याज की उपज को जीआई टैग दिलाने के लिए प्रस्ताव तैयार करने पर जोर दिया। उन्होंने पॉलीहाउस और शेडनेट योजनाओं में अधिक से अधिक किसानों को जोड़ने के लिए भी निर्देशित किया। बैठक में संयुक्त निदेशक हरिओम सिंह राणा और कृषि अधिकारी रमेश बेनिवाल सहित विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।