पंचायतीराज चुनाव 2026 में शत-प्रतिशत निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से डीडवाना उपखंड की बालिया और प्यांवा ग्राम पंचायतों में मतदाता जागरूकता अभियान चलाया गया। रिटर्निंग अधिकारी राजवीर सिंह यादव की देखरेख में आयोजित स्वीप कार्यक्रम के तहत ग्रामीणों को हर वोट का महत्व समझाया गया। दोनों पंचायतों में जागरूकता रैली निकालने के साथ मतदाता संवाद और मतदान शपथ कार्यक्रम भी हुए। इस दौरान ग्रामीणों को बिना किसी डर, दबाव या लालच के मतदान करने और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में अधिकाधिक भागीदारी निभाने के लिए प्रेरित किया गया। रैली निकालकर बताया हर वोट का महत्व अभियान के तहत बालिया और प्यांवा ग्राम पंचायतों में मतदाता जागरूकता रैली निकाली गई। इसके माध्यम से ग्रामीणों को चुनाव में सक्रिय भागीदारी निभाने का संदेश दिया गया। मतदाता संवाद कार्यक्रम में मतदान के महत्व पर चर्चा की गई, वहीं मतदान शपथ के जरिए नागरिकों को निष्पक्ष होकर अपने मताधिकार का प्रयोग करने के लिए प्रेरित किया गया। नए मतदाताओं और महिलाओं की भागीदारी पर जोर विकास अधिकारी खुमाराम सारण ने बताया कि अभियान के तहत नए मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में जुड़वाने, वोटर हेल्पलाइन ऐप के उपयोग और महिलाओं की शत-प्रतिशत भागीदारी सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे किसी भी प्रकार के डर, दबाव या लालच में आए बिना अपने मताधिकार का प्रयोग करें। जागरूक मतदाता से मजबूत होगा लोकतंत्र सारण ने कहा कि जागरूक मतदाता ही मजबूत लोकतांत्रिक व्यवस्था का आधार हैं। प्रत्येक नागरिक की सक्रिय भागीदारी से चुनाव प्रक्रिया अधिक प्रभावी और निष्पक्ष बन सकती है। कार्यक्रम में ग्राम विकास अधिकारी प्रणवेंद्र शर्मा, गणेशाराम बुडानिया, मनोज सैनी सहित प्रशासनिक कर्मचारी और ग्रामीण मौजूद रहे।