डीडवाना-कुचामन पुलिस ने डिजिटल अरेस्ट के नाम पर हुई साइबर ठगी के मामले में कार्रवाई की है। ठगों ने पीड़ित से 22 लाख 16 हजार रुपए अलग-अलग बैंक खातों में ट्रांसफर करवा लिए थे। पुलिस ने पीड़ित के 17 लाख 71 हजार 526 रुपए होल्ड करवाए हैं। पीड़ित विकास कुमार ने साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज करवाई थी। उन्होंने बताया कि डिजिटल अरेस्ट कर उनसे 22 लाख 16 हजार रुपए ठगे गए। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत कार्रवाई शुरू की। एसपी डॉ. प्यारेलाल शिवरान के निर्देश पर, एएसपी हिमांशु शर्मा की देखरेख में साइबर पुलिस थाना प्रभारी भानु प्रताप सिंह राठौड़ के नेतृत्व में एक टीम बनी। इसमें हेड कॉन्स्टेबल सुरेश कुमार टेपण और कॉन्स्टेबल ताराचंद शामिल थे। टीम ने गुरुवार रात में ही बैंक अधिकारियों से संपर्क कर 17 लाख 71 हजार 526 रुपए होल्ड करवाए। पुलिस अब बाकी बची राशि के लेनदेन का रिकॉर्ड जुटाकर जांच कर रही है।