डूंडलोद के राजकीय उच्च माध्यमिक स्कूल सैनीपुरा में ‘नो-बैग-डे’ के अवसर पर इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब (ELC) के देखरेख में बाल संसद अध्यक्ष पद के लिए रोमांचक, पारदर्शी और लोकतांत्रिक प्रक्रिया के तहत चुनाव संपन्न हुए। स्कूल में निर्वाचन आयोग के नियमों की तर्ज पर पूरी चुनावी अधिसूचना जारी की गई। चुनाव प्रक्रिया के तहत विधिवत रूप से मतदाता सूचियों मतदान रजिस्टरों और मतदाताओं के लिए पर्चियों की व्यवस्था की गई, जिससे बच्चों को वास्तविक निर्वाचन प्रणाली का व्यावहारिक ज्ञान मिल सके। डबल मोबाइल EVM तकनीक रही मुख्य आकर्षण- इस चुनाव की सबसे बड़ी और आधुनिक विशेषता यह रही कि मतदान प्रक्रिया स्कूल की डिजिटल वेबसाइट smartmanch.in पर उपलब्ध विशेष स्कूल EVM सिमुलेशन के माध्यम से पूरी कराई गई। इस वेबसाइट का निर्माण प्रिंसिपल रोहिताश कुमार भड़िया ने किया है। इसमें बिल्कुल वास्तविक चुनाव की तरह दो मोबाइलों का उपयोग किया गया। पहला मोबाइल ‘कंट्रोल यूनिट’और दूसरा मोबाइल ‘बैलेट यूनिट’ के रूप में संचालित हुआ। इस हाई-टेक और रोचक मतदान प्रणाली ने विद्यार्थियों में खासा उत्साह भर दिया। बच्चों ने खुद संभाला प्रबंधन, रखे एजेंडे और दिए भाषण मतदान से पूर्व छात्र-उम्मीदवारों ने प्रार्थना सभा व निर्धारित समय में अपने चुनावी एजेंडे रखे, ओजस्वी भाषण दिए और अपनी पार्टियों का निर्माण किया। चुनाव की सबसे खास बात यह रही कि बच्चों ने खुद ही पूरी मतदान प्रक्रिया और कतार प्रबंधन को बेहद अनुशासन के साथ संभाला। संस्था प्रधान, उप प्राचार्य और समस्त स्टाफ सदस्यों की सक्रिय निगरानी में छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर अपने मत का प्रयोग किया। इस संपूर्ण और सफल ELC गतिविधि का कुशल संचालन ईएलसी क्लब प्रभारी संजय कुमार रेवाड़ के नेतृत्व में किया गया। संस्था प्रधान रोहिताश कुमार भड़िया और उप प्राचार्य अनीता सैनी के मार्गदर्शन और समस्त स्टाफ के सहयोग से बच्चों को लोकतंत्र के मूल पाठ का यह प्रायोगिक अनुभव सफलतापूर्वक कराया गया। पीईईओ कमल कुमार शर्मा ने इस प्रकार के नवाचारों की प्रशंसा की।