राजस्थान क्रिकेट संघ की अंडर-14 स्टेट चैंपियनशिप के लिए डूंगरपुर जिले की टीम चुनने के लिए ट्रायल हुई। इसमें जिलेभर से करीब 1000 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। जिला क्रिकेट संघ ने उदयपुर रोड पर के.के. फार्महाउस में दोपहर 2 बजे ट्रायल रखी थी। खिलाड़ियों ने इसमें अपना प्रदर्शन दिखाया। जिला क्रिकेट संघ के वरिष्ठ उपाध्यक्ष धर्मेंद्र उपाध्याय ने बताया कि ट्रायल का मकसद राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए जिले की टीम तैयार करना है। संघ सचिव सुशील जैन ने बताया कि ट्रायल के बाद 40 खिलाड़ियों का कैंप लगाया जाएगा। कैंप में प्रदर्शन के आधार पर डूंगरपुर जिले की 16 सदस्यीय टीम चुनी जाएगी। ट्रायल के दौरान भाजपा मंडल अध्यक्ष नेपाल सिंह फतेहपुरा, भाजपा जिला उपाध्यक्ष अनिल गुप्ता, वरिष्ठ नेता केवलरामजी पाटीदार, भाजपा युवा मोर्चा मंडल अध्यक्ष अशोक कलाल और रामा सरपंच लालूराम मीणा मौजूद रहे। कोच शाहिद सिंधी, जावेद खान और आंशिफ इकबाल भी मौजूद थे।