रिटर्न पार्सल से ब्रांडेड कपड़े चुराकर बाजार में कम कीमत पर बेचने के आरोप में डूंगरपुर कोतवाली पुलिस ने डिलीवरी एजेंट कलीम अशरफ (24) को गिरफ्तार किया है। आरोपी पार्सल से महंगे कपड़े निकालने के बाद ब्रांडेड टेप हटाकर भूरे रंग की टेप लगा देता था, ताकि चोरी का शक न हो। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी किए गए कपड़े बरामद किए हैं, जिनकी बाजार कीमत 3 लाख 2 हजार 506 रुपए बताई गई है। दिल्ली पहुंचने पर जांच में कम मिले 94 कपड़े कोतवाली थानाधिकारी हिमांशु सिंह ने बताया कि उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले के हरैया निवासी विशाल सिंह ने 1 सितंबर को रिपोर्ट दर्ज कराई थी। कैंटाबिल कंपनी के डूंगरपुर आउटलेट से पुराना स्टॉक दिल्ली स्थित मुख्य कार्यालय भेजा जा रहा था। इसके लिए डिलीवरी एजेंट कलीम अशरफ से संपर्क किया गया था। कलीम ने 19 जून को 11 बॉक्स गाड़ी में लेकर उदयपुर भेजने की बात कही थी। पार्सल दिल्ली पहुंचने पर जांच की गई तो उसमें रखे 210 कपड़ों में से 94 पीस कम मिले। इसके बाद मामले की शिकायत पुलिस को दी गई। महंगे कपड़े निकालकर बदल देता था पार्सल की टेप पुलिस के मुताबिक, कलीम अशरफ रिटर्न और रिप्लेसमेंट पार्सल की डिलीवरी का काम करता था। इसी दौरान वह पार्सल में रखे महंगे ब्रांडेड कपड़ों में से एक-दो पीस निकाल लेता था। इसके बाद पार्सल पर लगी कंपनी की मूल ब्रांडेड टेप हटाकर भूरे रंग की टेप लगा देता और उसे दोबारा पैक कर देता था। इससे पार्सल के साथ छेड़छाड़ का पता नहीं चलता था। कम कीमत पर बेचकर कमाता था मुनाफा पुलिस ने बताया कि आरोपी चोरी किए गए ब्रांडेड कपड़ों को बाजार में कम कीमत पर बेचकर मुनाफा कमाता था। गिरफ्तार आरोपी कलीम अशरफ डूंगरपुर के मोहल्ला घाटी हाजीपुरा का निवासी है। पुलिस ने उसके पास से चोरी के कपड़े बरामद किए हैं, जिनकी कुल बाजार कीमत 3,02,506 रुपए आंकी गई है। पुलिस टीम में ये रहे शामिल कार्रवाई में हैड कॉन्स्टेबल लक्ष्मण सिंह तथा कॉन्स्टेबल नरेंद्र सिंह और राजवीर सिंह शामिल रहे।