डूंगरपुर में सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए अब लोगों को नगर परिषद के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। डूंगरपुर नगर परिषद की टीम वार्डवार घर-घर पहुंचकर पात्र परिवारों को चार सरकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ आवेदन और पंजीयन में भी मदद करेगी। अभियान में प्रधानमंत्री स्वनिधि, प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी 2.0, सुकन्या समृद्धि योजना और प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना पर फोकस रहेगा। सभापति सुशीला गुप्ता ने गुरुवार को वार्ड कर्मचारियों की बैठक लेकर अभियान के निर्देश दिए। स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर एवं पूर्व सभापति केके गुप्ता के मार्गदर्शन में चलने वाले इस अभियान का उद्देश्य जानकारी और आवेदन प्रक्रिया की परेशानी के कारण किसी भी पात्र परिवार को सरकारी सहायता से वंचित रहने से बचाना है। चार योजनाएं, जरूरतमंदों को चार तरह की राहत नगर परिषद की टीम इन चार योजनाओं के पात्र लोगों की पहचान कर उन्हें योजना की शर्तों, मिलने वाली सहायता और आवेदन प्रक्रिया की जानकारी देगी। पार्षदों और वार्ड कर्मचारियों के समन्वय से जरूरतमंद परिवारों तक पहुंच बनाई जाएगी। आवश्यकता के अनुसार वार्डों में शिविर लगाकर आवेदन और दस्तावेज तैयार करने में भी मदद की जाएगी। स्वनिधि योजना : कारोबार के लिए 50 हजार रुपए तक ऋण प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के तहत पात्र पथ विक्रेताओं को चरणबद्ध तरीके से 15 हजार, 25 हजार और 50 हजार रुपए तक ऋण मिल सकता है। नगर परिषद की टीम ठेला लगाने वालों और फेरी विक्रेताओं को योजना से जोड़ने के साथ डिजिटल भुगतान की जानकारी भी देगी। योजना से संबंधित जानकारी के लिए पुरानी नगर परिषद बिल्डिंग स्थित डे-एनयूएलएम कार्यालय के कमरा नंबर 03 में संपर्क किया जा सकता है। पीएम आवास योजना : पक्का मकान बनाने के लिए 2.50 लाख तक सहायता प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी 2.0 के तहत पात्र परिवारों को अपने भूखंड पर मकान बनाने के लिए अधिकतम 2.50 लाख रुपए तक सहायता मिल सकती है। अभियान के दौरान कच्चे मकानों में रहने वाले परिवारों की पहचान की जाएगी। उनकी आय, पात्रता और जरूरी दस्तावेजों के आधार पर आवेदन प्रक्रिया में मदद की जाएगी, ताकि पात्र परिवार पक्का मकान बनाने के लिए योजना का लाभ ले सकें। सुकन्या समृद्धि : 250 रुपए से शुरू कर सकते हैं बचत बेटियों के भविष्य के लिए सुकन्या समृद्धि योजना के तहत 10 वर्ष से कम उम्र की पात्र बेटी के नाम खाता खुलवाया जा सकता है। इसमें न्यूनतम 250 रुपए से बचत शुरू करने और एक वित्तीय वर्ष में अधिकतम 1.50 लाख रुपए जमा करने का प्रावधान है। नगर परिषद डाकघर अधिकारियों के सहयोग से शिविर लगाएगी, जहां अभिभावकों को योजना की जानकारी देने के साथ खाता खुलवाने की प्रक्रिया समझाई जाएगी। सूर्य घर योजना : सोलर सिस्टम पर 78 हजार तक सब्सिडी प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत घरेलू उपभोक्ताओं को छत पर सोलर सिस्टम लगाने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा। योजना में केंद्रीय सब्सिडी एक किलोवाट क्षमता पर 30 हजार, दो किलोवाट पर 60 हजार और तीन किलोवाट या अधिक क्षमता पर अधिकतम 78 हजार रुपए तक है। नगर परिषद की टीम उपभोक्ताओं को सोलर सिस्टम लगाने की लागत, उपलब्ध सब्सिडी और आवेदन प्रक्रिया की जानकारी देगी, ताकि वे योजना का लाभ लेने के लिए आगे आ सकें। वार्डों में पहुंचेगी टीम, आवेदन और पंजीयन में करेगी मदद सभापति सुशीला गुप्ता ने वार्ड कर्मचारियों को प्रत्येक वार्ड में संपर्क कर योजनाओं की जानकारी देने के निर्देश दिए। पार्षदों के सहयोग से पात्र और जरूरतमंद परिवारों की पहचान कर उन्हें आवेदन और पंजीयन में सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। जरूरत के अनुसार वार्डों में शिविर भी लगाए जाएंगे। नगर परिषद का लक्ष्य है कि सरकारी योजनाओं की जानकारी के अभाव या आवेदन प्रक्रिया में आने वाली परेशानियों के कारण कोई भी पात्र परिवार लाभ से वंचित नहीं रहे।