डूंगरपुर में पंचायतीराज चुनावों के पहले चरण के तहत गुरुवार को सुबह 7 बजे मतदान शुरू हुआ, जो शाम 6 बजे तक चला। हालांकि कुछ केंद्रों पर इसके बाद भी मतदान हुआ। डूंगरपुर जिले में पहले चरण के तहत जिला परिषद की 37 में से 20 सीटों पर वोटिंग हो रही है। जबकि 14 में से 7 पंचायत समितियों की 119 सीटों पर वोटिंग हो रही है। सुबह से ही मतदाताओं का उत्साह देखा जा रहा है। लेकिन दिन बढ़ने के साथ मतदाताओं की भी भीड़ भी बढ़ेगी। एक मतदाता जिला परिषद सदस्य और पंचायत समिति सदस्यों के लिए अलग अलग 2 वोट डालेंगे। प्रथम चरण में 7 पंचायत समितियों सागवाड़ा, पाडवा, गलियाकोट, सीमलवाड़ा, चिखली, भंडारी और झोंथरी की कुल 119 सीटों पर 404 और जिला परिषद की 20 सीटों पर 65 उम्मीदवार मैदान में है। जहा पर 5 लाख 21 हजार 601 मतदाता उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला करेंगे।