डूंगरपुर रेलवे स्टेशन पर गुरुवार को रेल जनसंवाद हुआ। यात्रियों को बेहतर सुविधाएं देने और उनकी समस्याएं जानने के लिए उत्तर पश्चिम रेलवे के अजमेर मंडल ने यह संवाद 'विशेष अभियान 6.0' के तहत किया। यात्रियों ने स्टेशन पर सुधारों के लिए कई सुझाव दिए। इसमें पेयजल, बैठने की व्यवस्था, प्लेटफॉर्म शेड, शौचालय और पार्किंग जैसी सुविधाओं पर बात हुई। प्रकाश व्यवस्था, सुरक्षा और प्रतीक्षालय से जुड़े मुद्दे भी उठाए गए। दिव्यांग यात्रियों के लिए सुगम आवागमन, लिफ्ट-एस्केलेटर, फुट ओवर ब्रिज, अनाउंसमेंट सिस्टम, कोच पोजीशन डिस्प्ले और संकेतक बोर्ड जैसे विषयों पर भी चर्चा हुई। यात्रियों ने नई रेल सेवाएं शुरू करने और मौजूदा ट्रेनों के ठहराव पर भी अपनी बात रखी। स्टेशन परिसर के सौंदर्यीकरण और हरित क्षेत्र बनाने पर भी बात हुई। यात्रियों से स्टेशन को साफ रखने, कचरा सही जगह डालने और सार्वजनिक सुविधाओं का जिम्मेदारी से उपयोग करने की अपील की गई। वरिष्ठ मंडल अभियंता आर.बी. तंवर और स्टेशन प्रबंधक हरिराम मीणा भी मौजूद रहे।