मोहनगढ़ कस्बे में पेयजल व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग द्वारा महत्वपूर्ण कार्य तेजी से किया जा रहा है। कस्बे में लिफ्ट नहर परियोजना से जुड़े 200 मिलीमीटर व्यास के खराब वाल्व को बदलने और टेपिंग का कार्य प्रगति पर है। इस वाल्व के लंबे समय से खराब होने के कारण कस्बे में जलापूर्ति बाधित हो रही थी। सहायक अभियंता परियोजना उपखंड मोहनगढ़ गोपालसिंह मीणा ने बताया कि उनकी मौजूदगी में विभागीय तकनीकी टीम मौके पर मुस्तैदी से काम कर रही है। नया वाल्व लगने के बाद मोहनगढ़ कस्बे तथा आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में जलापूर्ति व्यवस्था सुदृढ़ होगी। जिससे हर घर तक पर्याप्त दबाव के साथ स्वच्छ पेयजल पहुंचेगा। उन्होंने बताया कि कार्य को शीघ्र पूरा कर नियमित जलापूर्ति बहाल कर दी जाएगी।