बिलाड़ा| किस गांव में कौन बनेगा सरपंच, किसके सिर सजेगा वार्ड पंच का ताज और पंचायत समिति तक किसकी पहुंचेगी पकड़? पंचायत चुनाव की घोषणा के साथ गांवों में ऐसे सवालों पर चर्चाएं तेज हो गई हैं। चौपालों से चाय की थड़ियों तक संभावित प्रत्याशियों के नामों पर कयास लगाए जा रहे हैं। कोई पुराने संपर्कों के भरोसे मैदान में उतरने की तैयारी कर रहा है, तो कोई विकास और जनसेवा को अपनी ताकत बनाने में जुटा है। इधर, ग्रामीण भी दावेदारों के पुराने कामकाज और व्यवहार का हिसाब लगा रहे हैं। फिलहाल दावेदारों की धड़कनें बढ़ी हैं और मतदाता खामोशी से चुनावी गणित समझ रहे हैं। असली तस्वीर नामांकन के बाद सामने आएगी।