जैसलमेर | भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार एसबीके राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में निर्वाचन साक्षरता क्लब (ईएलसी 2.0) का गठन किया गया। इसका मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों, विशेषकर पहली बार वोट डालने वाले नवमतदाताओं को निर्वाचन प्रक्रिया, लोकतांत्रिक मूल्यों व मताधिकार के प्रति जागरूक और जिम्मेदार बनाना है। आयोग द्वारा अगस्त 2026 में शुरू किए गए ईएलसी 2.0 को लोकतंत्र सीखें, लोकतंत्र का नेतृत्व करें की टैगलाइन के साथ अधिक सक्रिय व डिजिटल मंच के रूप में तैयार किया गया है। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. श्याम सुंदर मीणा ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती नागरिकों की सजग भागीदारी पर टिकी है। ईएलसी 2.0 विद्यार्थियों में संविधान व मताधिकार की गहरी समझ विकसित करेगा। क्लब प्रभारी डॉ. मेहराराम ने बताया कि क्लब का मुख्य फोकस युवाओं को निर्वाचन प्रणाली की तथ्यपरक जानकारी देना है।