परशुराम जयंती के अवसर पर 19 अप्रैल को शहर में शोभायात्रा निकाली जाएगी। इस आयोजन को लेकर विश्व हिंदू परिषद (विहिप) के तत्वावधान में परशुराम जयंती समिति की एक बैठक हुई। बैठक में शोभायात्रा को सफल बनाने और उसकी रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की गई। समिति के सदस्यों ने आयोजन को लेकर विभिन्न पहलुओं पर विचार-विमर्श किया। समिति अध्यक्ष नरेश व्यास ने बताया कि शोभायात्रा रविवार सुबह 9 बजे सीनियर स्कूल मैदान से प्रारंभ होगी। ये शहर के प्रमुख मार्गों जैसे जवाहर प्याऊ, भैया नदी, कबूतरों का चौक और मां लटियाल मंदिर से होते हुए मगरिया चौक पर विसर्जित होगी। शोभायात्रा में कुल 25 आकर्षक झांकियां शामिल होंगी। इनमें से 10 झांकियां सर्व समाज द्वारा प्रस्तुत की जाएंगी, जबकि शेष 15 झांकियां परशुराम जयंती समिति की होंगी। भगवान परशुराम की भव्य झांकी के साथ-साथ सिंधु जी कल्ला की झांकी, भगवान श्रीराम का रथ और माजीसा का रथ विशेष आकर्षण का केंद्र रहेंगे। बैठक में परशुराम जयंती समिति के अध्यक्ष अशोक पालीवाल, सर्व समाज के अध्यक्ष ब्रजमोहन बैणावत और जगदीश पालीवाल ने शहरवासियों से अधिक से अधिक संख्या में शोभायात्रा में शामिल होकर इसे सफल बनाने का आह्वान किया।