भास्कर संवाददाता | झुंझुनूं जिले में पंचायती राज चुनाव-2026 इस बार नवगठित तीन पंचायत समितियों के लिए ऐतिहासिक साबित होने वाले हैं। नवगठित गोठड़ा, बबाई और गुढ़ागौड़जी पंचायत समितियों को पहली बार अपना प्रधान मिलेगा और खास बात यह है कि तीनों ही जगह शीर्ष कमान महिलाओं के हाथों में रहेगी। इनमें गोठड़ा और बबाई में सामान्य वर्ग की महिला प्रधान बनेगी, जबकि गुढ़ागौड़जी पंचायत समिति की कमान ओबीसी वर्ग की महिला के हाथों में रहेगी। इस तरह नई पंचायत समितियों में नेतृत्व की शुरुआत ही महिला प्रधानों के साथ होगी। जिले में पहले 11 पंचायत समितियां थीं, जो अब बढ़कर 14 हो गई हैं। तीनों नई पंचायत समितियों के 57 निर्वाचित सदस्य अपने बीच से पहली बार महिला प्रधान का चुनाव करेंगे। इनमें गोठड़ा और बबाई में 17-17 तथा गुढ़ागौड़जी में 23 पंचायत समिति सदस्य हैं। 14 में से 7 पंचायत समितियों में महिलाएं संभालेंगी नेतृत्व : इस बार जिले की 14 पंचायत समितियों में से सात में प्रधान पद महिलाओं के लिए आरक्षित हैं। ऐसे में आधी पंचायत समितियों में महिला के हाथ में नेतृत्व रहेगा। नई पंचायत समितियों में महिला प्रधानों का चुना जाना इस चुनाव का अहम पहलू है। पंचायतीराज चुनाव में नई पंचायत समितियों की शुरुआत महिला नेतृत्व के साथ होने का सिलसिला पहले भी देखने को मिला है। दिसंबर 2020 में हुए चुनाव के दौरान जिले में सिंघाना, मंडावा और पिलानी नई पंचायत समितियों के रूप में सामने आई थीं। उस समय सिंघाना में सोनू कुमारी, मंडावा में शारदा देवठिया और पिलानी में बिरमा देवी प्रधान बनी थीं। इस बार भी तीन नई पंचायत समितियों में महिला प्रधान चुनी जाएंगी।