झालावाड़| मां भवानी सेवा दल की ओर से शनिवार को आयोजित प्रतिभा सम्मान समारोह में सेवा, संस्कृति और मनोरंजन का अनूठा संगम देखने को मिला। समारोह में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। वहीं, राधा-कृष्ण के युगल नृत्य, भवई नृत्य, भजनों और जादूगर के हैरतअंगेज करतबों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। पंकज खंडेलवाल ने गणपति वंदना प्रस्तुत कर माहौल को भक्तिमय बनाया। संस्था अध्यक्ष धर्मराज सिंह लाला ने अतिथियों का माल्यार्पण कर स्वागत किया। समारोह में समाज सेवा, शिक्षा, पेंशनर समाज, वरिष्ठ नागरिकों की समस्याओं के समाधान, कुरीति निवारण, पशु बलि रोकने, धार्मिक गतिविधियों, नशा मुक्ति, देहदान-नेत्रदान जागरूकता, संगीत, पौधरोपण, रक्तदान, साहित्य और नारी सशक्तिकरण सहित विभिन्न क्षेत्रों में योगदान देने वाली प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। प्रतिभाओं को तिलक लगाकर, उपरना ओढ़ाकर, माल्यार्पण कर प्रतीक चिह्न और प्रशस्ति पत्र भेंट किए। संस्था संयोजक नरेंद्र दुबे ने अतिथियों को प्रतीक चिह्न भेंट कर स्वागत किया। कार्यक्रम में लायन डॉ. डीके जैन, जीतमल नागर, अतिरिक्त मुख्य अभियंता, आकाशवाणी झालावाड़ के विमल शास्त्री और ऐश्वर्या वर्मा अतिथि रहे। संचालन पुष्पलता दुबे और नंदकिशोर वर्मा ने किया। अंत में अध्यक्ष धर्मराज सिंह लाला ने आभार माना। आयोजन में संस्था के सदस्यों और कार्यकर्ताओं ने सहयोग किया। सांस्कृतिक कार्यक्रम में पायल चौरसिया और गौरव प्रजापति ने राधा-कृष्ण के स्वरूप में आकर्षक युगल नृत्य प्रस्तुत किया। मुरारी कुशवाहा ने रिंग भवाई, मटका भवई और तलवार व कांच पर नृत्य की रोमांचक प्रस्तुतियों से दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं। जादूगर हेमराज ने अपने हैरतअंगेज करतबों से सभी को आश्चर्यचकित कर दिया। वहीं, अनुराग वर्मा ने ‘राम जी की निकली सवारी, रामजी की लीला है न्यारी’ भजन प्रस्तुत कर श्रोताओं को भक्तिरस में सराबोर किया।