केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने कहा- एक लाख 10 हजार करोड़ रुपए खर्च करके दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे का 80% निर्माण पूरा हो गया है। दो साल के अंदर दिल्ली से लेकर नरीमन पॉइंट (मुंबई) और जवाहरलाल नेहरू पोर्ट ट्रस्ट तक आप गाड़ी में 12 घंटे में पहुंच जाएंगे। ऐसा हाईवे हम पूरा करके देंगे। कोटा में दरा टनल के पास गोपालपुरा माताजी में सभा को संबोधित करते हुए गडकरी ने कहा- हम जो बोलेंगे वह करके दिखाएंगे, यही हमारी पहचान है। गडकरी बुधवार को दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे का निरीक्षण करने राजस्थान पहुंचे थे। उन्होंने लबान इंटरचेंज (बूंदी) से दरा टनल (कोटा) तक करीब 90KM की दूरी में एक्सप्रेसवे का निरीक्षण किया। उनके साथ लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला और सीएम भजनलाल शर्मा भी थे। नितिन गडकरी के भाषण की 4 मुख्य बातें… कोटा से इटावा तक अटल एक्सप्रेसवे बनेगा : मैं दिल्ली-मुंबई जैसा नया हाईवे बना रहा हूं। आपने चंबल का नाम सुना है। इटावा से लेकर कोटा तक हम एक एक्सप्रेसवे बना रहे हैं, जिसका नाम चंबल एक्सप्रेसवे था। अब उसका नाम अटल एक्सप्रेसवे रखा है, क्योंकि ग्वालियर के बीच में से वो जाता है, जो अटल बिहारी वाजपेयी की कर्मभूमि और कार्यभूमि रही है। मैं 15 हजार करोड़ रुपए के उस हाईवे की भी घोषणा कर रहा हूं, जिसका डीपीआर का काम शुरू है और जल्दी ही ये कार्य शुरू होगा, ये पूरी चंबल रिवर के साथ-साथ जाएगा। ये हाईवे विकास का मार्ग : ये हाईवे केवल जाने-आने के लिए नहीं है। ये जहां-जहां से जाता है, वहां की पिछड़ी हुई जनता को विकास का मार्ग दिखाने वाला हाईवे है। इस हाईवे के कारण इंडस्ट्री आएगी, उद्योग-व्यापार बढ़ेगा। लॉजिस्टिक पार्क आएंगे, एजुकेशन इंस्टीट्यूशन आएंगे। मेडिकल कॉलेज आएंगे। किसान की फसल पर आधारित उद्योग आएंगे और यहां का चौतरफा विकास होगा। यही हाईवे बनाने के पीछे हमारी सरकारी इच्छा है। ये हाईवे विकास का मार्ग है। मेरे पास द्रौपदी की थाली : मुख्यमंत्री भजनलाल जी आप मांगते-मांगते थक जाओगे, पर मैं देते-देते कभी नहीं थकूंगा। मेरे पास द्रौपदी की थाली है। पैसे की कोई कमी नहीं है। हां, केवल नेशनल हाईवे (NH) होना चाहिए, क्योंकि वही मैं काम कर सकता हूं। जितना मांगना है, उतना मांगो। 10-20 हजार करोड़ नहीं, 50 हजार करोड़, एक लाख करोड़, दो लाख करोड़। राजस्थान को 50 हजार करोड़ देकर जाता : आज समय कम है, नहीं तो राजस्थान को 50 हजार करोड़ देकर जाता। अगली बार जब आऊंगा तो जयपुर में कार्यक्रम होंगे। मेरे फिक्स्ड डिपोजिट में चेकबुक रखी है। मैंने साइन करके तैयार रखी है। उस पर अमाउंट आप लिख देना। अफसरों को चेताया- एक्सप्रेसवे पर मनमाने ढंग से ट्रक खड़े नहीं हों इससे पहले, गडकरी ने अलवर के पिनान रेस्ट एरिया में अफसरों से बातचीत की। केंद्रीय मंत्री ने अफसरों को नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) और पुलिस की ओर से एक्सप्रेसवे पर गश्त बढ़ाने के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि एक्सप्रेसवे पर मनमाने तरीके से किसी भी जगह ट्रक खड़े नहीं होने चाहिए। गडकरी के दौरे से पहले सड़क चमकाने में लगे रहे अफसर इधर, गडकरी के दौरे से पहले एक्सप्रेसवे पर कोई कमी नजर नहीं आए, इसके लिए NHAI के अधिकारी और ठेकेदार दिन-रात सड़क को चमकाने में जुटे रहे। अधिकारियों का पूरा फोकस दिल्ली से कोटा आने वाली सड़क पर था। इसका कारण है कि मंत्री सड़क मार्ग से वापस नहीं जाएंगे। ऐसे में सड़क के दूसरी तरफ (कोटा से दिल्ली की लेन) के गड्ढे नहीं भरे गए हैं। देखिए, अन्य PHOTOS… … नितिन गडकरी के दौरे के पल-पल के अपडेट के लिए ब्लॉग पढ़िए…