गायत्री शक्ति पीठ में नवनिर्मित महाकाल मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव की निमंत्रण पत्रिका का विमोचन किया गया। यह तीन दिवसीय महोत्सव 22 अप्रैल से 24 अप्रैल तक आयोजित किया जाएगा। गायत्री मंदिर में आयोजित इस विमोचन कार्यक्रम में गायत्री परिवार के प्रधान ट्रस्टी रंजनदेवी, ट्रस्टी इन्द्रा खत्री, संतोष प्रजापत, शुचिता गोमतीवाल, शालिनी वर्मा, जिला संयोजक कन्हैयालाल पुरोहित, पूर्व प्रधान ट्रस्टी रमेश गोमतीवाल और संरक्षक भगवानदास चौहान सहित कई गायत्री परिजन मौजूद रहे। विमोचन के उपरांत गणेश भगवान, गायत्री माता, सावित्री माता, अंबे माता, गुरुदेव आचार्य श्रीराम शर्मा और माता भगवती देवी की पूजा कर उन्हें निमंत्रण दिया गया और आयोजन की सफलता के लिए प्रार्थना की गई। गायत्री परिवार की प्रधान ट्रस्टी रंजनदेवी ने बताया कि महाकाल के नवनिर्मित मंदिर का प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव 22 अप्रैल को कलश यात्रा के साथ शुरू होगा और 24 अप्रैल तक चलेगा। उन्होंने गायत्री परिजनों सहित सर्व समाज के लोगों को इस प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव में भाग लेने के लिए आमंत्रित किया। इस अवसर पर तीन दिवसीय कार्यक्रम की व्यवस्थाओं को सुचारु रूप से संचालित करने के लिए विभिन्न समितियों का गठन किया गया। कार्यकर्ताओं को उनके दायित्व सौंपे गए ताकि आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।