हनुमानगढ़। गोगामेड़ी थाना पुलिस ने डेढ़ साल पुराने पेट्रोल पंप लूट मामले में फरार चल रहे 5 हजार रुपए के इनामी आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान सुशील उर्फ शीला उर्फ टेम्पू (24) निवासी ढाबी खुर्द, भट्टू कलां, जिला फतेहाबाद (हरियाणा) के रूप में हुई है। इस गिरफ्तारी के साथ ही मामले में अब तक कुल पांच आरोपियों को पकड़ा जा चुका है। यह घटना 27 अगस्त 2023 की रात को गोगामेड़ी थाना क्षेत्र के गांव परलीका स्थित एक पेट्रोल पंप पर हुई थी। चार बदमाश एक क्विड कार में सवार होकर आए थे। उन्होंने सेल्समैन से 1500 रुपए का पेट्रोल भरवाया और फिर पिस्तौल की नोक पर उससे नकदी लूट ली। बदमाश मौके पर लगे सीसीटीवी कैमरे तोड़कर फरार हो गए थे। इस संबंध में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। पुलिस ने इस मामले में पहले ही चार अन्य आरोपियों संदीप उर्फ कालू, शैलेन्द्र सिंह उर्फ माण्डी, श्योकिन खान और मेहंदी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया था। ये सभी आरोपी हरियाणा के रहने वाले हैं। पांचवें फरार आरोपी की तलाश लंबे समय से की जा रही थी। पुलिस टीम ने तकनीकी जांच और मुखबिर की सूचना के आधार पर सुशील उर्फ शीला तक पहुंची। फिलहाल आरोपी से पूछताछ जारी है और मामले में अन्य संभावित पहलुओं की जांच की जा रही है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी चंद्रकला के नेतृत्व में कांस्टेबल नरसीराम, मोनू और रोहताश कुमार शामिल रहे।