हनुमानगढ़ में सार्वजनिक यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने की मांग को लेकर आम आदमी पार्टी (आप) ने जिला परिवहन अधिकारी एवं जिला सड़क सुरक्षा समिति के सदस्य सचिव को ज्ञापन सौंपा। पार्टी ने हनुमानगढ़ टाउन और जंक्शन के बीच सिटी बस सेवा शुरू करने की आवश्यकता पर जोर दिया। आप जिलाध्यक्ष सुरेन्द्र बेनीवाल ने बताया कि हनुमानगढ़ जिला मुख्यालय टाउन और जंक्शन दो भागों में बंटा हुआ है। जंक्शन क्षेत्र में कलेक्ट्रेट, पुलिस अधीक्षक कार्यालय, जिला न्यायालय, मेडिकल कॉलेज और रोडवेज डिपो जैसे प्रमुख संस्थान हैं, जबकि टाउन क्षेत्र में जिला अस्पताल, नगर परिषद, पंचायत समिति और महाविद्यालय सहित अन्य कार्यालय स्थित हैं। इन दोनों क्षेत्रों के बीच प्रतिदिन हजारों लोग आवागमन करते हैं। बेनीवाल ने बताया कि पहले महात्मा गांधी जिला अस्पताल से कलेक्ट्रेट और धानमंडी तक सिटी बस सेवा संचालित होती थी, जो अब बंद हो चुकी है। लगभग 15 किलोमीटर लंबे इस मार्ग पर वर्तमान में ऑटो और ई-रिक्शा ही परिवहन के मुख्य साधन हैं। आरोप है कि ये वाहन मनमाना किराया वसूल रहे हैं। ज्ञापन में बताया गया कि 100 मीटर से लेकर 7 किलोमीटर तक न्यूनतम 20 रुपए और टाउन से कलेक्ट्रेट तक लगभग 40 रुपए प्रति व्यक्ति किराया लिया जा रहा है। इससे आमजन पर आर्थिक बोझ बढ़ रहा है। साथ ही, ऑटो और ई-रिक्शा की बढ़ती संख्या से सड़कों पर भीड़भाड़ और यातायात अव्यवस्था भी बढ़ रही है। पार्टी ने सुझाव दिया कि सिटी बस सेवा के संचालन के लिए निजी बसों के साथ राजस्थान राज्य पथ परिवहन निगम की बसों का भी उपयोग किया जा सकता है। इसके अतिरिक्त डीटीओ कार्यालय के बाहर बस स्टॉप बनाने की मांग भी उठाई गई। आम आदमी पार्टी ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही इस समस्या का समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन किया जाएगा। इस दौरान पार्टी के कई पदाधिकारी मौजूद रहे।