हनुमानगढ़ में विदेश भेजने के नाम पर धोखाधड़ी और प्रताड़ना का मामला सामने आया है। फेफाना निवासी नवीन सिंह भाटी ने गांव के ही दो लोगों पर दुबई में बंधक बनाकर मारपीट और शारीरिक-मानसिक रूप से प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। नवीन सिंह भाटी ने पुलिस को बताया कि वह फेफाना मुख्य बस स्टैंड पर ई-मित्र की दुकान चलाता था। मई 2026 में गांव के श्रवण कुमार पुत्र शेरसिंह गाट और रमेश कुमार भादू उसके पास आए। श्रवण कुमार ने उसे बताया कि वह लोगों को वर्किंग वीजा पर विदेश भेजता है। उसने यह भी बताया कि उसकी बेटी भी करीब एक साल से दुबई में काम कर रही है। श्रवण कुमार ने नवीन सिंह को दुबई में अच्छे काम और वेतन का भरोसा दिलाया। उसके झांसे में आकर नवीन सिंह ने दुबई जाने की सहमति दे दी। विदेश भेजने के नाम पर उससे 2 लाख 50 हजार रुपए नकद और बैंक खाते के जरिए लिए गए। इस रकम की जिम्मेदारी रमेश भादू ने ली थी। कागजात तैयार होने के बाद श्रवण कुमार ने नवीन सिंह को 4 जून 2026 को दिल्ली एयरपोर्ट से दुबई भेज दिया। दुबई एयरपोर्ट पर श्रवण कुमार के बताए कुछ लोग उसे लेने आए। वे नवीन सिंह को एक सुनसान जगह पर बने दो मंजिला मकान में ले गए। इस मकान के ग्राउंड फ्लोर पर कार्यालय था, जबकि ऊपर रहने और खाने की व्यवस्था थी। वहां नवीन सिंह को बाहर निकलने पर रोक लगा दी गई। शुरुआती कुछ दिनों तक उसे परिवार से मोबाइल पर बात करने दी गई, लेकिन बाद में उसका मोबाइल छीन लिया गया। इसके बाद उसके साथ मारपीट और अमानवीय व्यवहार किया जाने लगा। नवीन सिंह को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया गया। उसे रस्सी से बांधकर रखा गया और कई तरह की यातनाएं दी गईं। इस दौरान उसके दो मोबाइल फोन, एक लैपटॉप और एक पेन ड्राइव भी छीन लिए गए। उसके साथ रहने वाले लोग उसे जान से मारने की योजना भी बना रहे थे। नवीन सिंह के अनुसार वह 1 अगस्त 2026 की रात करीब 11.30 बजे किसी तरह वहां से निकलने में सफल हुआ। वह अपने जरूरी दस्तावेज लेकर बाहर आया और किसी तरह एयरपोर्ट पहुंचा। इसके बाद मुंबई होते हुए दिल्ली पहुंचा और 3 अगस्त की अल सुबह करीब 4.30 बजे हिसार स्थित अपने ससुराल पहुंचा। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि श्रवण कुमार ने विदेश भेजने के नाम पर उसके साथ धोखाधड़ी की और दुबई में अपने जानकारों के हाथों उसका सौदा कर बड़ी रकम हासिल की। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। मामले का अनुसंधान सहायक उप निरीक्षक भंवरलाल की ओर से शुरू किया गया है। पुलिस मामले में शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच कर रही है।