कालिका पेट्रोलिंग यूनिट ने गुरुवार को हनुमानगढ़ के गवर्नमेंट गर्ल्स कॉलेज में महिला सुरक्षा पर सेमिनार किया। इसमें छात्राओं को आत्मरक्षा के गुर सिखाए गए और उनके अधिकारों की जानकारी दी गई। यूनिट सदस्यों ने छात्राओं के मोबाइल में राजकोप सिटीजन एप डाउनलोड करवाया और इसके इस्तेमाल का तरीका बताया। यह एप 24 घंटे काम करता है और जरूरत पड़ने पर पुलिस सहायता के लिए उपयोग किया जा सकता है। कॉन्स्टेबल सुनीता और माया ने बताया कि सुनसान जगह पर परेशानी होने पर घबराने के बजाय सतर्क रहें और छोटी चीजों से हमलावर का मुकाबला करें। सरकार ने महिला सुरक्षा के लिए कालिका पेट्रोलिंग यूनिट बनाई है। हनुमानगढ़ जिले में ऐसी छह यूनिट काम कर रही हैं, जो स्कूलों और कॉलेजों में जाकर छात्राओं को जागरूक कर रही हैं।