हनुमानगढ़ जिला कारागृह में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच प्रतिबंधित सामग्री फेंकने का मामला सामने आया है। बुधवार सुबह करीब 8:15 बजे दो अज्ञात युवक बाइक पर सवार होकर आए और जेल परिसर के अंदर दो पैकेट फेंककर फरार हो गए। इस संबंध में हनुमानगढ़ जंक्शन थाना में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच की जा रही है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार जेल परिसर के बाहर टावर पर ड्यूटी पर तैनात आरएसी जवान ने जेल इंचार्ज को सूचना दी। जवान ने बताया कि काले रंग की शर्ट पहने दो युवक बाइक पर आए और जेल परिसर के अंदर पैकेट फेंककर भाग गए। सूचना मिलते ही जेल प्रशासन हरकत में आया और ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों के साथ तुरंत तलाशी अभियान चलाया गया। जांच के दौरान जेल के भीतर से दो संदिग्ध पैकेट बरामद किए गए। इन पैकेटों को अधिकारियों की मौजूदगी में खोला गया, जिसमें बड़ी मात्रा में प्रतिबंधित सामग्री मिली। बरामद सामग्री में लगभग 700 हरे रंग के कैप्सूल, 10 बीड़ी के बंडल, 8 पाउच तंबाकू और 13 पाउच सुपारी शामिल हैं। यह सामग्री जेल नियमों के अनुसार पूरी तरह प्रतिबंधित है। मामले की गंभीरता को देखते हुए जेल प्रशासन ने तुरंत इसकी सूचना उच्च अधिकारियों को दी और जब्त सामग्री को सील कर पुलिस को सौंप दिया। पुलिस अज्ञात आरोपियों की पहचान के लिए जेल के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। जंक्शन थाना में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है और आरोपियों की तलाश के लिए तकनीकी तथा स्थानीय स्तर पर जांच जारी है।