हनुमानगढ़ में नोहर पुलिस ने फेफाना के हिस्ट्रीशीटर नवीनदान उर्फ लीलू चारण को गिरफ्तार किया है। उस पर फर्जी दस्तावेज बनाकर एक भूखंड हड़पने की साजिश रचने का आरोप है। जिला पुलिस अधीक्षक बी. आदित्य ने बताया कि उप निरीक्षक पृथ्वी सिंह नरुका की टीम ने मानवीय और तकनीकी जानकारी के आधार पर आरोपी को फेफाना से पकड़ा। जांच में आरोप सही पाए जाने पर उसे गिरफ्तार कर लिया गया। यह मामला नोहर पुलिस थाने में भारतीय न्याय संहिता की कई गंभीर धाराओं के तहत दर्ज है। आरोपी नवीनदान उर्फ लीलू चारण (40) फेफाना के वार्ड नंबर 9 का रहने वाला है। पुलिस के मुताबिक, वह फेफाना थाना क्षेत्र का हिस्ट्रीशीटर है। उसके खिलाफ पहले से मारपीट, एनडीपीएस एक्ट और हत्या के प्रयास जैसे कई गंभीर मामले दर्ज हैं। यह मामला 4 नवंबर 2025 का है। फेफाना निवासी शायर सिंह पुत्र शैतान सिंह ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया था कि नवीनदान और कुछ अन्य लोगों ने मिलकर उनके भूखंड को हड़पने की साजिश रची। इसके लिए फर्जी दस्तावेज तैयार किए गए और उन्हें असली की तरह इस्तेमाल कर उन्हें नुकसान पहुंचाया गया। इसी शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच पृथ्वी सिंह नरुका को सौंपी गई थी। इस कार्रवाई में कांस्टेबल प्रमोद कुमार, महिला कांस्टेबल विद्या और चालक ओमप्रकाश भी शामिल थे। पुलिस ने बताया कि संपत्ति से जुड़ी धोखाधड़ी और फर्जी दस्तावेजों के मामलों में अब सख्ती से कार्रवाई की जा रही है। इस अभियान के तहत अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।