कस्बे के निकटवर्ती गांव रघुनाथपुरा स्थित प्रसिद्ध बालाजी मंदिर पर शारदीय नवरात्रि के समापन अवसर पर मंगलवार को भव्य हवन यज्ञ ओर भंडारा का आयोजन किया गया। मंदिर परिसर में सुबह से ही भक्तों का तांता लगा रहा और वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। मंगलवार को रघुनाथपुरा के बालाजी मंदिर पर आयोजित यज्ञ में पंडित आचार्य गोपाल पटेल, वृन्दावन से पधारे शेखर शास्त्री एवं गिर्राज शास्त्री द्वारा विधि-विधान से पूजन कराया गया। पंडितों ने स्वाहा के मधुर ध्वनि के साथ हवन कुंड में आहुतियां दिलवाईं और क्षेत्र की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। यज्ञ के दौरान श्रद्धालुओं ने भी बढ़-चढ़कर आहुतियां दीं। हवन यज्ञ से पूर्व बालाजी महाराज का पंचामृत से विशेष अभिषेक किया गया।