भास्कर न्यूज | सादुलपुर पंचायत समिति सिद्धमुख में पंचायत समिति सदस्यों के चुनाव को लेकर सोमवार को नामांकन प्रक्रिया शुरू हो गई। पहले दिन वार्ड 8 से सरोज कुमारी ने भाजपा प्रत्याशी के रूप में नामांकन किया। रिटर्निंग अधिकारी व तहसीलदार अपूर्व गौतम ने बताया कि अभ्यर्थियों की सुविधा और नामांकन पत्रों की प्रारंभिक जांच के लिए रिटर्निंग अधिकारी कार्यालय में हेल्प डेस्क स्थापित की गई है। अभ्यर्थियों को नामांकन फॉर्म वितरित करने के साथ आवेदन भरने, आवश्यक दस्तावेजों और निर्वाचन संबंधी औपचारिकताओं की जानकारी दी जा रही है। डेस्क संयोजक सुमेर सिंह जांगिड़ व रोहिताश पूनिया के नेतृत्व में कुलदीप सिंह चाहर, सुभाष चंद्र ढाका, सुरेंद्र सिंह काजला, विक्रम सिंह और विजय सहारण अभ्यर्थियों को आवश्यक मार्गदर्शन दे रहे हैं।