सी3 क्रिकेट ग्राउंड पर आयोजित तीन दिवसीय ‘इट्स क्रिकेट टाइम–आईसीटी 2026’ क्रिकेट टूर्नामेंट का रोमांचक समापन हुआ। डे-नाइट प्रारूप में खेले गए इस टूर्नामेंट में देशभर के इवेंट प्लानर्स की आठ टीमों ने हिस्सा लिया। तीन दिनों तक मैदान पर क्रिकेट के रोमांच के साथ खिलाड़ियों और इवेंट इंडस्ट्री से जुड़े लोगों के बीच उत्साह, मनोरंजन और खेल भावना का माहौल देखने को मिला। टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला एचआर सफारी टाइगर्स और विक्टोरियस के बीच खेला गया। दोनों टीमों के बीच मुकाबले में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। रोमांचक फाइनल के बाद एचआर सफारी टाइगर्स ने जीत दर्ज करते हुए आईसीटी 2026 की विजेता ट्रॉफी अपने नाम कर ली। एचआर सफारी टाइगर्स के कप्तान राघव गोयल ने कहा कि टूर्नामेंट के दौरान सभी टीमों ने क्रिकेट के साथ पूरे डे-नाइट प्रारूप का भरपूर आनंद लिया। उन्होंने कहा कि आईसीटी जैसे आयोजन इवेंट इंडस्ट्री से जुड़े लोगों को खेल के माध्यम से एक-दूसरे के साथ जुड़ने और पेशेवर नेटवर्किंग के साथ आपसी रिश्तों को मजबूत करने का अवसर देते हैं। उन्होंने कहा कि मैदान पर मुकाबले की प्रतिस्पर्धा के साथ खिलाड़ियों के बीच सौहार्द और टीम भावना भी देखने को मिली। यही इस आयोजन की खासियत रही। टूर्नामेंट के आयोजक हर्षित राज चौहान ने बताया कि आईसीटी के तीसरे संस्करण में जयपुर के अलावा दिल्ली और मुंबई से भी इवेंट प्लानर्स ने हिस्सा लिया। तीन दिनों तक चले इस आयोजन में अलग-अलग शहरों से आए प्रतिभागियों को क्रिकेट के जरिए एक-दूसरे से जुड़ने का अवसर मिला। उन्होंने बताया कि टूर्नामेंट को खास बनाने के लिए विजेता टीम के लिए विशेष रूप से ट्रॉफी तैयार करवाई गई थी। 15 किलो की विशेष ग्लास ट्रॉफी रही आकर्षण आईसीटी 2026 की विजेता ट्रॉफी को विशेष ग्लास से तैयार करवाया गया था। भव्य रूप से डिजाइन की गई इस ट्रॉफी का वजन करीब 15 किलो रहा। ट्रॉफी टूर्नामेंट के प्रमुख आकर्षणों में शामिल रही और विजेता टीम के लिए यह खास उपलब्धि का प्रतीक बनी।