दीपावली और छठ पूजा के दौरान यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए रेलवे ने ट्रेनों और रेलवे परिसर में पटाखे, आतिशबाजी और अन्य ज्वलनशील पदार्थ ले जाने पर सख्ती बढ़ा दी है। डीआरएम अनुराग त्रिपाठी ने बताया- पटाखे, फुलझड़ियां, अनार, रॉकेट, गैस सिलेंडर, पेट्रोल, डीजल और केरोसिन जैसे खतरनाक पदार्थ ट्रेन के यात्री डिब्बों और पार्सल में ले जाना प्रतिबंधित है। ट्रेन में खतरनाक वस्तुएं अवैध रूप से ले जाने पर तीन साल तक की जेल या 1 हजार रुपए जुर्माना या दोनों हो सकती है। स्टेशन पर बढ़ाई सिक्योरिटी इसके लिए स्टेशनों, ट्रेनों और पार्सल ऑफिस में जांच का दायरा बढ़ा दिया गया है। रेलवे सुरक्षा बल, जीआरपी और रेलवे कर्मचारी सीसीटीवी, बैगेज स्कैनिंग और डॉग स्क्वॉड की मदद से संदिग्ध सामान की जांच कर रहे हैं। डीआरएम ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा के दौरान सुरक्षा नियमों का पालन करें। कोई संदिग्ध सामान या गतिविधि नजर आने पर तुरंत आरपीएफ, जीआरपी, टीटीई या रेलवे हेल्पलाइन 139 पर सूचना दें। जोधपुर स्टेशन पर बनाया अस्थाई वेटिंग रूम त्योहारों पर यात्री भार को देखते हुए उत्तर-पश्चिम रेलवे ने जोधपुर रेलवे स्टेशन पर यात्रियों के लिए अस्थायी वेटिंग रूम की व्यवस्था की है। स्टेशन के मुख्य प्लेटफॉर्म पर पार्सल कार्यालय के पास टेंट लगाकर कुर्सियां रखी गई हैं। इस व्यवस्था में एक साथ करीब पांच सौ यात्री बैठकर अपनी ट्रेन का इंतजार कर सकेंगे। डीआरएम अनुराग त्रिपाठी ने बताया- पानी, बिजली और अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। इसके अलावा मोबाइल चार्जिंग पॉइंट भी लगाए जाएंगे, ताकि ट्रेन की प्रतीक्षा के दौरान यात्रियों को मोबाइल चार्ज करने में परेशानी नहीं हो। इधर, डीआरएम ने देखी व्यवस्थाएं इधर, डीआरएम अनुराग त्रिपाठी ने गुरुवार को सीनियर अधिकारियों के साथ जोधपुर रेलवे स्टेशन का दौरा किया और व्यवस्थाओं को देखा। उन्होंने प्लेटफॉर्म, सर्कुलेटिंग एरिया, वेटिंग रूम और एसी वेटिंग रूम का जायजा लेकर त्योहारों के दौरान यात्रियों की बढ़ती संख्या के अनुरूप इंतजाम करने के निर्देश दिए। डीआरएम ने कहा- ट्रेनों के रैक समय पर प्लेटफॉर्म पर लगाए जाएं और उनका प्रस्थान निर्धारित समय पर हो। यात्रियों को ट्रेन में व्यवस्थित तरीके से बैठने के लिए पर्याप्त समय मिले। इसके लिए प्लेटफॉर्म पर भीड़ प्रबंधन और स्टाफ की तैनाती पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने वेटिंग रूम और प्लेटफॉर्म पर साफ-सफाई, रोशनी, बैठने की व्यवस्था तथा खानपान स्टॉल पर आवश्यकता अनुसार खाने और पीने के लिए पानी उपलब्ध कराने के लिए कहा। इस दौरान वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक हितेश यादव, वरिष्ठ मंडल इंजीनियर श्रीचंद पूनिया सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।