बॉलीवुड के जाने-माने एक्टर गजराज राव बुधवार को जयपुर में थे। दैनिक भास्कर कार्यालय आए एक्टर गजराज ने पत्रकार वैभव माथुर के पहले उपन्यास ‘मंदबुद्धि’ का विमोचन किया। इस अवसर पर दैनिक भास्कर के स्टेट एडिटर (ईएमएम) मुकेश माथुर और स्टेट एडिटर किरण राजपुरोहित मौजूद रहे। दैनिक भास्कर डिजिटल में असिस्टेंट एडिटर वैभव माथुर का यह उपन्यास एक ऐसी लड़की की कहानी है, जो जन्म से लेकर 22 साल की उम्र तक कोमा में रहती है। लंबे समय तक दुनिया से अनजान रहने के बाद जब वह जीवन और समाज के तौर-तरीकों को समझने की स्थिति में आती है, तो उसके सामने कई ऐसी मान्यताएं होती हैं, जिन्हें लोग बिना सवाल किए स्वीकार करते आए हैं। समाज के नियमों पर उठाती है सवाल उपन्यास की नायिका को यह नहीं पता कि समाज में लड़कियों के लिए अलग नियम बनाए गए हैं। उन्हें अक्सर लड़कों से कमतर आंका जाता है। वह दुनिया को पहले से स्थापित मान्यताओं के नजरिए से देखने के बजाय तर्क और विवेक की कसौटी पर परखती है। उसके सवाल उन सामाजिक नियमों को चुनौती देते हैं, जिन्हें सामान्य मानकर स्वीकार कर लिया जाता है। उपन्यास एक जरूरी सवाल उठाता है- क्या जो स्त्री दुनिया के बनाए नियमों को नहीं समझती, वह सचमुच मंदबुद्धि है या दुनिया ही उसे समझने में नाकाम है? गजराव राव को मिला था 'सर्वश्रेष्ठ सहायक अभिनेता' का फिल्मफेयर पुरस्कार गजराज राव एक्टर, निर्देशक और विज्ञापन फिल्म निर्माता हैं, जिन्होंने हिंदी सिनेमा और ओटीटी प्लेटफॉर्म पर अभिनय से पहचान बनाई है। फिल्म 'बधाई हो' में जीतेंद्र कौशिक की भूमिका ने उनके करियर को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया। इसके लिए उन्हें 'सर्वश्रेष्ठ सहायक अभिनेता' का फिल्मफेयर पुरस्कार मिला था।