जयपुर एयरपोर्ट पर स्पाइसजेट की इंटरनेशनल फ्लाइट्स में लगातार हो रही देरी से यात्रियों की परेशानी बढ़ रही है। जयपुर से दुबई जाने वाली स्पाइसजेट की फ्लाइट SG-5157 गुरुवार को भी निर्धारित समय से करीब साढ़े 6 घंटे देरी से संचालित होने की संभावना है। इस फ्लाइट का जयपुर से दुबई जाने का निर्धारित समय सुबह 7 बजकर 55 मिनट है, लेकिन आज इसके दोपहर करीब 2 बजकर 30 मिनट तक रवाना होने की संभावना जताई गई है। लगातार दूसरे दिन फ्लाइट में लंबी देरी के कारण यात्रियों को अपनी यात्रा की योजना में बदलाव करना पड़ रहा है। 18 घंटे देरी से फ्लाइट ने भरी थी उड़ान इससे पहले बुधवार सुबह की फ्लाइट करीब 18 घंटे की देरी से रात 2 बजकर 20 मिनट पर जयपुर से दुबई के लिए रवाना हुई थी। सुबह की फ्लाइट का देर रात रवाना होना यात्रियों के लिए परेशानी का कारण बना था। अब गुरुवार को भी फ्लाइट के घंटों लेट होने से एयरलाइन की संचालन व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। दुबई से जयपुर आने वाली फ्लाइट भी देरी से पहुंची वहीं, दुबई से जयपुर आने वाली स्पाइसजेट की फ्लाइट SG-9158 भी देरी से संचालित हो रही है। इस फ्लाइट के जयपुर एयरपोर्ट पहुंचने का निर्धारित समय सुबह 6 बजकर 55 मिनट था, लेकिन करीब चार घंटे की देरी के साथ इसके सुबह लगभग 11 बजे बाद यह फ्लाइट जयपुर पहुंची। इसके साथ ही दिल्ली से जयपुर आने वाली इंडिगो की फ्लाइट 6E-6190 भी गुरुवार सुबह देरी से रवाना हुई। इस फ्लाइट का निर्धारित प्रस्थान समय सुबह 7 बजकर 25 मिनट था, लेकिन यह करीब 45 मिनट की देरी से सुबह 8 बजकर 10 मिनट दिल्ली से रवाना हुई। जयपुर एयरपोर्ट पर अलग-अलग एयरलाइंस की उड़ानों में हो रही देरी के कारण यात्रियों को असुविधा का सामना करना पड़ रहा है।