जयपुर में दिल्ली-अजमेर हाईवे पर राहगीरों के साथ मारपीट कर लूटपाट करने वाली गैंग के तीन बदमाशों को हरमाड़ा थाना पुलिस ने बापर्दा गिरफ्तार किया। परिवादी मोहनलाल जांगिड़ (63) निवासी जयरामपुरा जिला सीकर ने 22 अक्टूबर को मामला दर्ज कराया था। इसमें बताया था कि मेरे साथ मारपीट कर मोबाइल फोन और जेब से 7,300 रुपए बदमाशों ने लूट लिए। पुलिस ने आरोपियों से लूटी गई नकदी और दस्तावेज बरामद किए हैं। मोबाइल फोन के संबंध में जांच जारी है। हरमाड़ा थाना प्रभारी नरेंद्र भड़ाना ने बताया- पुलिस ने आरोपी ललित कुमार वर्मा उर्फ टमाटर (20) निवासी रैगर मोहल्ला संजय कॉलोनी गंगापुर सिटी जिला सवाई माधोपुर हाल मुरलीपुरा जयपुर, अंकित कुमार सिंह (22) निवासी नरार जिला मधुबनी बिहार हाल मुरलीपुरा स्कीम जयपुर में किराएदार और गणेश कुमावत उर्फ कान्हा (25) निवासी तिगरिया चौमूं जयपुर हाल मुरलीपुरा को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों को ज्यूडिशियल कस्टडी में भेज दिया है। स्लिप लेन से गुजर रहे बुजुर्ग को बनाया था निशाना डीसीपी वेस्ट प्रशांत किरण ने बताया- दिल्ली-अजमेर हाईवे पर नंबर-14 पुलिया स्लिप लेन से पीड़ित मोहनलाल अपने भाई के घर जा रहे थे। इसी दौरान दो बदमाश आए और उनका मोबाइल फोन छीन लिया। विरोध करने और शोर मचाने पर दो-तीन अन्य युवक भी मौके पर पहुंच गए। आरोपियों ने उनके साथ मारपीट की और जेब से 7,300 रुपए निकाल लिए। बदमाश चाकू दिखाकर जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। CCTV फुटेज से आरोपियों की पहचान मामला दर्ज होने के बाद पुलिस की विशेष टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले। फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान कर उन्हें पकड़ा। डीसीपी वेस्ट प्रशांत किरण ने बताया- गिरफ्तार आरोपियों का पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया है। ललित कुमार वर्मा के खिलाफ हरमाड़ा थाने में साल 2024 का एक मामला दर्ज है, जो कोर्ट में विचाराधीन है। अंकित कुमार सिंह के खिलाफ मुरलीपुरा थाने में साल 2024 का चोरी का मामला दर्ज है। वहीं गणेश कुमावत के खिलाफ मुरलीपुरा थाने में आर्म्स एक्ट और आबकारी अधिनियम सहित अन्य मामले दर्ज हैं, जो विचाराधीन हैं।