जयपुर में गांधी नगर रेलवे स्टेशन के बाहर स्विफ्ट कार सवार युवकों द्वारा उत्पात मचाने और 2 युवकों को कार से कुचलने का प्रयास करने का मामला सामने आया है। मामला बुधवार रात 11.51 बजे का है। कार सवारों ने तेज रफ्तार कार से कई गाड़ियों को टक्कर मार दी और दो युवकों को कुचलने की कोशिश भी की गई। घटना में दो लोग घायल भी हुए ह। घटना के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। जानकारी के अनुसार, गांधी नगर रेसवे स्टेशन के बाहर चाय की दुकान पर दो पक्षों में किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। विवाद के बाद स्विफ्ट कार सवार युवकों ने कथित तौर पर स्टंटबाजी करते हुए तेज रफ्तार में कार दौड़ाई। इस दौरान युवकों ने रास्ते में कई वाहनों को टक्कर मार दी। वहीं कार सवार ने युवकों को भी कार से कुचलने का प्रयास किया गया। वायरल वीडियो के आधार पर जांच में जुटी पुलिस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस मामले की जांच कर रही है। बजाज नगर थानाधिकारी मुनिंदर सिंह ने कहा - फिलहाल यह पता लगाया जा रहा है कि वीडियो कब का है। वायरल वीडियो के आधार पर जांच की जा रही है। पुलिस कार के नंबर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर चालक की पहचान करने में जुटी है। थानाधिकारी ने बताया कि फिलहाल इस मामले में किसी की ओर से मुकदमा दर्ज नहीं कराया गया है। पुलिस वाहन की पहचान कर आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।