जयपुर में गुरुवार दोपहर 1 बजे सोने की ज्वेलरी बनाने वाली फैक्ट्री में आग लग गई। फैक्ट्री के अंदर फैले धुएं के कारण दम घुटने से दो कर्मचारियों की मौत हो गई, जबकि 4 कर्मचारी बेहोश हो गए। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। इसके बाद आग पर काबू पा लिया गया। जानकारी के मुताबिक- सीतापुरा इंडस्ट्रियल एरिया स्थित आइडियल फिजिकल सर्विसेज लिमिटेड में कंपनी में आग लगी थी। फैक्ट्री में गोल्ड ज्वेलरी बनाने का काम होता है। हादसे में रजनीश (19) निवासी चंदौली जिला यूपी और सरस्वती (45) निवासी रीवा मध्य प्रदेश की मौत हुई है। वहीं अजय पाल (26) निवासी बरेली यूपी, लालमोहन (20) निवासी मिदनापुर वेस्ट बंगाल, संदीप सिंह (19) निवासी रीवा मध्यप्रदेश, बबलू (32) निवासी रीवा मध्यप्रदेश घायल हो गए। घायलों को महात्मा गांधी हॉस्पिटल में इलाज के लिए भिजवाया गया है। वहीं शव महात्मा गांधी हॉस्पिटल की मॉर्च्युरी में मौजूद रखे गए हैं। स्पार्किंग से लगी आग घायल अजयपाल ने बताया- बिजली से भट्‌ठी चल रही थी। अचानक स्पार्किंग होने से आग लग गई। उस वक्त वहां करीब 15 कर्मचारी मौजूद थे। बता दें कि फैक्ट्री में सेंसर लॉक थे। धुआं उठने से सारे लॉक अपने आप लग गए। इसके बाद 6 लोग धुएं में फंस गए। दम घुटने के कारण लोग बेहोश हो गए। जेसीबी से दीवार तोड़कर 6 लोगों को बेहोशी की हालत में बाहर निकाल कर हॉस्पिटल पहुंचाया गया। जहां उपचार के दौरान दो ने दम तोड़ दिया।