जयपुर के SMS स्टेडियम में शनिवार (25 अप्रैल) को खेले गए IPL मैच में सनराइजर्स हैदराबाद ने राजस्थान रॉयल्स को 5 विकेट से हरा दिया। सनराइजर्स हैदराबाद ने टॉस जीता और राजस्थान को उसके होम ग्राउंड पर पहले बल्लेबाजी कराई। वैभव सूर्यवंशी ने एक बार फिर राजस्थान को तेज शुरुआत दी। वैभव ने 15 गेंद में अर्धशतक और 36 गेंद में शतक लगाया। इसकी अगली गेंद पर वैभव आउट हो गए। उन्होंने 103 रन (37 बॉल) की पारी में 12 छक्के और 5 चौके लगाए। मैच के 11वें ओवर की चौथी गेंद पर ध्रुव जुरेल ने 101 मीटर का सिक्स लगाया। गेंद RCA एकेडमी के पीछे वाले ग्राउंड में चली गई। अंपायर को नई गेंद मंगवानी पड़ी। राजस्थान ने 20 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 228 रन बनाए। वैभव सूर्यवंशी के अलावा ध्रुव जुरेल ने 35 बॉल पर 51 रन और फरेरा ने 16 बॉल पर 33 रन की पारी खेली। लक्ष्य का पीछा करने उतरी हैदराबाद की टीम ने 18.3 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 229 रन बनाकर मैच जीत लिया। SRH के लिए अभिषेक शर्मा ने 29 बॉल पर 57 रन, ईशान किशन ने 31 बॉल पर 74 रन, नीतीश रेड्डी ने 18 बॉल पर 36 रन और हेनरिक क्लासेन ने 24 बॉल पर 29 रन की पारियां खेली। देश-विदेश से मैच देखने आए फैंस इस मुकाबले को देखने के लिए राजस्थान के साथ ही देशभर से लोग आए। इंदौर से आई एक महिला ने कहा- मैं अपने दोनों बेटों को मैच दिखाने आई हूं। हम राजस्थान रॉयल्स को सपोर्ट करने आए हैं। महिला ने कहा- मेरे बच्चे वैभव सूर्यवंशी के फैन हैं। जयपुर की रहने वाली 75 साल की दादी अपने पोते-पोतियों के साथ मैच देखने पहुंचीं। इसके अलावा चूरू, दौसा, भरतपुर समेत अन्य जिलों से भी दर्शक आए। कई दर्शक राजस्थान रॉयल्स की तो कुछ हैदराबाद को सपोर्ट करने टीम की टी-शर्ट पहनकर पहुंचे। देखिए, स्टेडियम के बाहर और अंदर की PHOTOS… मैच के पल-पल के अपडेट के लिए ब्लॉग से गुजर जाइए…