जयपुर में सांसद मंजू शर्मा ने शहर को आईटी हब बनाने और स्टार्टअप्स को बढ़ावा देने के लिए सरकारी विभागों की परियोजनाओं से जोड़कर रोजगार और नवाचार को बढ़ावा देने की पहल की। सांसद मंजू शर्मा ने जयपुर नगर निगम सहित विभिन्न सरकारी संस्थानों में काम के अवसर उपलब्ध कराने की संभावनाएं तलाशने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए। भामाशाह टेक्नोहब में महिला स्टार्टअप संस्थापकों के साथ संवाद के दौरान महिला उद्यमियों ने सांसद मंजू शर्मा से कहा- नगर निगम, बाल अधिकारिता, कृषि, मेडिकल सहित विभिन्न विभागों में ऐसे कई कार्य हैं, जिनमें स्टार्टअप्स अपने उत्पादों, तकनीक और सेवाओं के माध्यम से योगदान दे सकते हैं। इससे महिला उद्यमियों को कारोबार बढ़ाने के अवसर मिलने के साथ अन्य महिलाओं के लिए भी रोजगार के नए रास्ते खुल सकते हैं। उन्होंने सरकारी तंत्र तक पहुंच, योजनाओं की जानकारी के अभाव और काम मिलने में आने वाली व्यावहारिक कठिनाइयां बताने के साथ ही यह सुझाव दिया कि ऐसा एकीकृत ऑनलाइन पोर्टल विकसित किया जाए, जहां सभी सरकारी विभागों की योजनाओं, परियोजनाओं, कार्यों, पात्रता शर्तों और आवेदन प्रक्रिया की जानकारी एक स्थान पर उपलब्ध हों। इससे स्टार्टअप्स अपनी विशेषज्ञता के अनुरूप अवसरों की पहचान कर सकेंगे और संबंधित विभागों तक पहुंच आसान होगी। कार्यक्रम में मेंटर्स और 100 से अधिक महिला स्टार्टअप एंटरप्रेन्योर्स शामिल हुए। सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री राज्यवर्धन को लिखा लेटर सांसद मंजू शर्मा ने एक लेटर सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौड़ को लिखकर भिजवा दिया। वहीं महापौर सुनील कोठारी से नगर निगम के कार्यों में स्टार्टअप्स की सेवाएं लेने की संभावनाएं तलाशने और संबंधित अधिकारियों के साथ चर्चा करने की बात कही तो कोठारी ने भी सहयोग का आश्वासन दिया। महिला उद्यमियों के लिए 25 लाख रुपए तक कार्य बिना टेंडर आवंटित की मांग चर्चा के दौरान महिला उद्यमियों की ओर से 25 लाख रुपए तक के कार्य बिना टेंडर आवंटित करने की मांग की गई। इसका उद्देश्य छोटे स्टार्टअप्स के लिए सरकारी परियोजनाओं में प्रवेश आसान बनाना है। महिला स्टार्टअप्स ने संवाद के दौरान कहा कि प्रदेश में कारोबार शुरू करने वाले कुछ स्टार्टअप्स बेहतर आधारभूत सुविधाओं, मार्गदर्शन, संस्थागत सहयोग और बाजार तक पहुंच की तलाश में हैदराबाद, मुंबई जैसे शहरों का रुख कर लेते हैं। यदि पर्याप्त सहयोग और काम के अवसर उपलब्ध हों तो स्टार्टअप्स अपने कारोबार का विस्तार यहीं कर सकते हैं। सेंट्रलाइज्ड पोर्टल की पहल महिला स्टार्टअप्स को राज्य सरकार के विभिन्न विभागों से वर्क ऑर्डर प्राप्त करने में आसानी हो, इसके लिए एक एककृत/सेंट्रलाइज्ड पोर्टल की व्यवस्था हेतु पत्राचार करने का निर्णय लिया गया। जयपुर शहर में नवाचार करने वाले स्टार्टअप्स को बढ़ावा देने के लिए सांसद मंजू शर्मा ने मेयर सुनील कोठारी से फोन पर चर्चा की।