जयपुर सेना के रिटायर्ड 78 साल के कर्नल ने गोली मारकर सुसाइड कर लिया। फायरिंग की आवाज सुनकर पत्नी, बहू और पोता-पोती कमरे में पहुंचे तो वे फर्श पर लहूलुहान हालत में पड़े थे। परिजन तुरंत हॉस्पिटल लेकर गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। घटना श्याम नगर थाना क्षेत्र के रेल नगर की गुरुवार सुबह 10:30 बजे की है। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटना स्थल का मौका मुआयना किया। प्रारंभिक जांच में पता चला कि रिटायर्ड कर्नल लीलासिंह बीमारी से परेशान थे। एसएमएस हॉस्पिटल में पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पोते की रिपोर्ट पर पुलिस ने मर्ग दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। गोली चलने की आवाज सुनकर कमरे में पहुंचे परिजन थानाधिकारी हरिसिंह दूधवाल ने बताया- रेल नगर निवासी रिटायर्ड कर्नल लीलासिंह (78) ने अपने घर पर लाइसेंसी रिवॉल्वर से गोली मारकर सुसाइड कर लिया है। हादसे के समय उनकी पत्नी, बहू और पोता-पोती घर पर ही थे। एफएसएल टीम ने घटना स्थल से सबूत जुटाए। प्रारंभिक जांच में बीमारी से परेशान होकर सुसाइड करने की बात सामने आई है। पुलिस परिजनों के बयान दर्ज करने के साथ एफएसएल और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर मामले की जांच करेगी।